कोटद्वार (पौड़ी)। गुजरात के कच्छ जिले के भुज में हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले उत्तराखंड के सातों लोगों के पार्थिव शरीर सोमवार को कोटद्वार स्थित सेना के कौड़िया कैंप पहुंच गए। हादसे में कोटद्वार के तीन परिवारों के सात सदस्यों की मौत हुई थी। इनमें सेना के दो जवान, उनकी पत्नियां और तीन मासूम बच्चियां शामिल हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
सेना के कौड़िया कैंप में परिजनों के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। इसके बाद पार्थिव शरीर उनके पैतृक आवास ले जाए जाएंगे। सभी सातों का अंतिम संस्कार कोटद्वार के मुक्ति धाम में किया जाएगा।
गढ़वाल राइफल्स के दो जवानों समेत सात की मौत
हादसे में गढ़वाल राइफल्स की सेकंड बटालियन में तैनात नायक सौरभ सिंह नेगी, उनकी पत्नी सविता नेगी और तीन माह की बेटी शिविका की मौत हुई है। इसके अलावा नायक राजेश सिंह रावत और उनकी आठ वर्षीय बेटी रक्षिता ने भी जान गंवाई। तीसरे परिवार से नायक नितिन गुसाईं की पत्नी रिंकी गुसाईं और बेटी वामिका की हादसे में मौत हो गई।
गढ़वाल राइफल्स लैंसडौन के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी कौड़िया कैंप में मौजूद रहे। नायक राजेश सिंह रावत और उनकी बेटी रक्षिता के पार्थिव शरीर को सैनिकों ने सैन्य सम्मान के साथ उनके आवास तक पहुंचाया।
भुज-खावड़ा हाईवे पर हुआ था हादसा
जानकारी के अनुसार, तीनों परिवार गुजरात के कच्छ के रण क्षेत्र में घूमने गए थे। शनिवार रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच भुज-खावड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर वेकरिया क्षेत्र के पास उनकी कार सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर दो हिस्सों में बंट गई।
बताया गया कि सौरभ नेगी के परिवार के लोग बेटी के जन्मदिन के अवसर पर गुजरात गए थे। हादसे के समय नायक नितिन गुसाईं ड्यूटी पर होने के कारण उनके साथ नहीं थे।
तीन परिवारों में पसरा मातम
सौरभ नेगी का परिवार लालपुर, राजेश सिंह रावत का परिवार सिमलचौड़ और नितिन गुसाईं का परिवार मोटाढाक में रहता है। एक ही हादसे में सात लोगों की मौत से तीनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे कोटद्वार में शोक का माहौल है।





