Top 5 This Week

Related Posts

पीएम मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के बीच आज होगी अहम वार्ता, अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा समेत कई समझौतों पर नजर

नई दिल्ली। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह अपनी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा पर रविवार को नई दिल्ली पहुंचे। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेन शाह के बीच हैदराबाद हाउस में उच्चस्तरीय द्विपक्षीय वार्ता होगी। इस दौरान दोनों देशों के बीच ऊर्जा, रेलवे, व्यापार, कनेक्टिविटी, तकनीक और बुनियादी ढांचे सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी।

36 वर्षीय बालेन शाह मार्च 2026 में नेपाल के प्रधानमंत्री बने थे। पद संभालने के बाद यह उनकी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा है। उनके साथ 34 सदस्यीय उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है। नई दिल्ली पहुंचने पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया।

जयशंकर से हुई मुलाकात

भारत यात्रा के पहले दिन नेपाल के प्रधानमंत्री ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने व्यापार, पारगमन, ऊर्जा, संस्कृति, शिक्षा और दोनों देशों के बीच संपर्क बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा की। जयशंकर ने कहा कि भारत नेपाल के साथ अपनी विशेष मित्रता को महत्व देता है।

अयोध्या-जनकपुर के बीच शुरू होगी रेल सेवा

इस यात्रा का प्रमुख आकर्षण अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच नई रेल सेवा होगी। दोनों प्रधानमंत्री सरयू-कमला एक्सप्रेस को वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाएंगे। यह रेल सेवा भारत और नेपाल के दो प्रमुख धार्मिक केंद्रों को जोड़ेगी। इससे रामायण सर्किट के तहत धार्मिक पर्यटन और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

ऊर्जा और जलविद्युत क्षेत्र में सहयोग

वार्ता के दौरान जलविद्युत परियोजनाओं, रेलवे नेटवर्क, सीमा पार कनेक्टिविटी, बुनियादी ढांचे और तकनीकी सहयोग से जुड़े समझौतों पर भी चर्चा होगी। दोनों देश जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए आपसी सहयोग मजबूत करने पर भी विचार करेंगे।

नेपाल ने मांगी दो अरब डॉलर की सहायता

नेपाल अगस्त में आई विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण के लिए भारत से करीब दो अरब डॉलर के आर्थिक सहायता पैकेज की मांग कर रहा है। इसके अलावा नेपाल ने अतिरिक्त हवाई मार्ग और व्यापारिक सुविधाएं बढ़ाने का मुद्दा भी उठाया है।

प्रधानमंत्री मोदी और बालेन शाह की मुलाकात के बाद दोनों नेता संयुक्त प्रेस वार्ता करेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी नेपाल के प्रधानमंत्री की मुलाकात प्रस्तावित है।

भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंध रहे हैं। इस यात्रा को दोनों देशों के रिश्तों को नई दिशा देने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Popular Articles