Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड चुनाव 2027: कांग्रेस से गठबंधन की तैयारी में सपा, 30 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला; 15 सीटें प्राथमिकता में

देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने कांग्रेस के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ने की रणनीति के तहत प्रदेश की 30 विधानसभा सीटों को चिह्नित किया है। इनमें 15 सीटों को प्राथमिकता सूची में रखा गया है। इन सीटों की सूची सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भेज दी गई है।

उत्तराखंड समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने प्रेस को जारी बयान में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश संगठन के वरिष्ठ नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सीटों का चयन किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष सूची पर विचार-विमर्श करने के बाद जो भी निर्णय लेंगे, प्रदेश संगठन उसे स्वीकार करेगा।

विपक्षी एकजुटता पर दिया जोर

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में भाजपा का मुकाबला करने के लिए पूरे विपक्ष का एकजुट होना जरूरी है। अलग-अलग चुनाव लड़ने के बजाय सभी विपक्षी दलों को मिलकर चुनाव मैदान में उतरना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा को सत्ता से बाहर करना है तो विपक्षी एकता मजबूत करनी होगी।

गठबंधन हुआ तो पूरी ताकत से लड़ेगी सपा

सिद्दीकी ने कहा कि गठबंधन के तहत सपा के हिस्से में जो भी सीटें आएंगी, पार्टी उन पर पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी। साथ ही गठबंधन के अन्य सहयोगियों के उम्मीदवारों को भी जिताने के लिए कार्यकर्ता पूरी ताकत लगाएंगे।

हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी कारणवश कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं हो पाता है तो समाजवादी पार्टी उत्तराखंड की सभी 70 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी।

फिलहाल 30 सीटों की सूची राष्ट्रीय नेतृत्व को भेजे जाने के बाद अब अंतिम निर्णय का इंतजार है। प्रदेश में गठबंधन की संभावनाओं और सीटों के बंटवारे को लेकर आने वाले दिनों में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने के आसार हैं।

Popular Articles