Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड में महंगाई का एक और झटका, आंचल दूध दो से चार रुपये प्रति लीटर तक महंगा; पनीर-क्रीम के दाम भी बढ़े

देहरादून। उत्तराखंड में आम उपभोक्ताओं को महंगाई का एक और झटका लगा है। प्रदेश में आंचल ब्रांड के दूध और दुग्ध उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें शुक्रवार यानी 20 नवंबर से लागू हो गई हैं। दूध की विभिन्न श्रेणियों में दो से चार रुपये प्रति लीटर तक की वृद्धि की गई है। इसके अलावा पनीर और क्रीम के दाम भी बढ़ाए गए हैं। इससे आम परिवारों के घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।

उत्तराखंड कोऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन के प्रबंध निदेशक जयदीप अरोड़ा के अनुसार, प्रदेश में प्रतिदिन करीब 1.80 लाख लीटर आंचल दूध की आपूर्ति की जाती है। अलग-अलग जिलों में दूध की कीमतों में अंतर है। फुल क्रीम दूध की कीमत कुछ जिलों में 74 रुपये तो कुछ में 76 रुपये प्रति लीटर है।

गाय का दूध 60 रुपये लीटर, फुल क्रीम 76 रुपये

नई दरों के अनुसार आंचल गोल्ड फुल क्रीम दूध की कीमत 72 रुपये से बढ़ाकर 76 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। गाय का दूध अब 58 रुपये के बजाय 60 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। वहीं शक्ति स्टैंडर्ड दूध की कीमत 60 रुपये से बढ़ाकर 63 रुपये और डबल टोंड दूध की कीमत 54 रुपये से बढ़ाकर 56 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है।

छह लीटर गोल्ड फुल क्रीम दूध का पैक अब 426 रुपये के बजाय 450 रुपये में मिलेगा। इसी तरह छह लीटर शक्ति स्टैंडर्ड दूध के लिए उपभोक्ताओं को 355 रुपये के बजाय 372 रुपये चुकाने होंगे।

पनीर पर पांच और क्रीम पर 50 रुपये की बढ़ोतरी

दूध के साथ अन्य उत्पादों की कीमतों में भी इजाफा किया गया है। आंचल के 180 ग्राम पनीर पैक की कीमत 80 रुपये से बढ़ाकर 85 रुपये कर दी गई है। वहीं एक किलोग्राम क्रीम का पैक अब 530 रुपये के बजाय 580 रुपये में मिलेगा।

आंचल चाय स्पेशल के एक लीटर पैक की कीमत 60 रुपये से बढ़ाकर 62 रुपये कर दी गई है। छोटे पैकेटों में कीमत समान रखते हुए मात्रा घटाई गई है। 20 रुपये वाले पैक में अब 350 के बजाय 320 मिलीलीटर और 10 रुपये वाले पैक में 170 के बजाय 150 मिलीलीटर उत्पाद मिलेगा।

अन्य उत्पादों के दाम यथावत

दुग्ध संघ के अधिकारियों के मुताबिक, संशोधित मूल्य सूची में शामिल उत्पादों के अलावा अन्य डेयरी उत्पादों की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। इससे पहले अमूल और मदर डेयरी जैसी कंपनियां भी अपने दूध और दुग्ध उत्पादों के दाम बढ़ा चुकी हैं। अब आंचल के दाम बढ़ने से प्रदेश के उपभोक्ताओं को रोजमर्रा की खरीदारी पर अधिक खर्च करना पड़ेगा।

Popular Articles