देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए निर्वाचन विभाग प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाने जा रहा है। 20 से 27 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने स्पष्ट किया है कि अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिम्मेदारी में कोताही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बृहस्पतिवार को प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक बीएलओ अपने क्षेत्र के बूथ की मतदाता सूची की बारीकी से जांच करें। सूची में नाम, पता, आयु और अन्य विवरणों में मिलने वाली त्रुटियों को चिह्नित कर संबंधित मतदाताओं के माध्यम से सुधार की प्रक्रिया पूरी कराई जाए।
दोहरी प्रविष्टियों को किया जाएगा चिह्नित
विशेष अभियान के दौरान मतदाता सूची में एक ही व्यक्ति का नाम एक ही बूथ या अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज होने के मामलों की भी जांच की जाएगी। ऐसी अतिरिक्त प्रविष्टियों को चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची में शुद्धता बनाए रखना निर्वाचन विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को गंभीरता से काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे और आपत्तियां
निर्वाचन विभाग के अनुसार, मतदाता सूची में नया नाम शामिल कराने, दर्ज विवरण में सुधार कराने या अपात्र प्रविष्टि हटवाने के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकती हैं।
मतदाता अपने विवरण में किसी भी प्रकार की गलती पाए जाने पर निर्धारित प्रारूप में फॉर्म-8 भरकर संबंधित बीएलओ के पास जमा कर सकते हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे अपनी और परिवार के सभी पात्र सदस्यों की मतदाता सूची में दर्ज जानकारी की जांच अवश्य करें। इससे मतदाता सूची में त्रुटियों को समय रहते दूर किया जा सकेगा और कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित नहीं रहेगा।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी सहित प्रदेश के सभी जिलाधिकारी मौजूद रहे।





