नई दिल्ली। भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की अध्यक्ष और दिग्गज एथलीट पीटी उषा की आगामी चुनावों में उम्मीदवारी को लेकर विवाद गहरा गया है। भारतीय आइस हॉकी संघ (IHAI) के एक गुट ने पीटी उषा को IOA की मतदाता सूची में शामिल किए जाने के फैसले को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी है। याचिकाकर्ता गुट ने उनके नामांकन को अवैध और गैरकानूनी घोषित करने की मांग की है।
दरअसल, गुरप्रीत सिंह बख्शी के नेतृत्व वाले IHAI गुट ने पीटी उषा को IOA की आमसभा में अपना प्रतिनिधि नामित किया था। इसके बाद वह पांच दिसंबर को होने वाले IOA कार्यकारी परिषद के चुनाव में मतदान करने और उम्मीदवार बनने की पात्र हो गईं।
हालांकि, कुंजांग नामग्याल के नेतृत्व वाले दूसरे गुट ने इस नामांकन पर आपत्ति जताई है। उसका कहना है कि पीटी उषा कभी भारतीय आइस हॉकी संघ की सदस्य नहीं रही हैं। साथ ही, याचिकाकर्ता गुट ने गुरप्रीत सिंह बख्शी और महासचिव हरजिंदर सिंह के पदों पर बने रहने के अधिकार पर भी सवाल उठाए हैं।
चुनाव अधिकारी ने स्वीकार किया था नामांकन
इससे पहले IOA की ओर से नियुक्त चुनाव अधिकारी संजय कुमार श्रीवास्तव ने नामग्याल गुट की आपत्तियों को खारिज करते हुए पीटी उषा का नामांकन स्वीकार कर लिया था। चुनाव अधिकारी के फैसले के बाद उन्हें चुनाव में भाग लेने का रास्ता मिल गया था।
अब याचिकाकर्ता गुट ने हाईकोर्ट से चुनाव अधिकारी के आदेश को रद्द करने और पीटी उषा सहित हरजिंदर सिंह के नामांकन को अमान्य घोषित करने की मांग की है। इसके अलावा उसने दो अगस्त को हुए अपने संगठन के चुनावों को वैध मान्यता देने की भी अपील की है।
आइस हॉकी संघ की मान्यता पर भी विवाद
भारतीय आइस हॉकी संघ लंबे समय से आंतरिक विवादों में घिरा हुआ है। संघ के अलग-अलग गुट खुद को वैध नेतृत्व बता रहे हैं। भारतीय ओलंपिक संघ गुरप्रीत सिंह बख्शी के नेतृत्व वाले गुट को मान्यता देता है, जबकि खेल मंत्रालय ने आइस हॉकी के किसी भी राष्ट्रीय महासंघ को मान्यता नहीं दी है।
पीटी उषा के नामांकन को लेकर कानूनी चुनौती ऐसे समय आई है, जब IOA के कार्यकारी परिषद के चुनाव पांच दिसंबर को होने हैं। इस विवाद से चुनावी प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।





