न्यूयॉर्क। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में भारत की अर्थव्यवस्था, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारत आर्थिक तबाही के कगार पर खड़ा है और देश में बेरोजगारी तथा शिक्षा व्यवस्था की गंभीर समस्याएं हैं।
अमेरिका की दो दिवसीय यात्रा पर पहुंचे राहुल गांधी ने विश्वविद्यालय में छात्रों और शिक्षाविदों के साथ संवाद के दौरान कहा कि देश के युवाओं में भविष्य को लेकर निराशा बढ़ रही है। खासकर मध्यमवर्गीय परिवारों से आने वाले पढ़े-लिखे युवा अपने करियर और रोजगार की संभावनाओं को लेकर चिंतित हैं।
युवाओं को नहीं दिख रहा भविष्य
राहुल गांधी ने कहा कि बड़ी संख्या में युवा औपचारिक शिक्षा पूरी करने के बावजूद अपने लिए बेहतर भविष्य नहीं देख पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार के सीमित अवसरों के कारण युवाओं और उनके माता-पिता के बीच भी वैचारिक दूरी बढ़ रही है।
उनके मुताबिक, युवा अब अपने माता-पिता से सवाल कर रहे हैं कि जिस रास्ते पर चलकर पिछली पीढ़ी ने सफलता हासिल की, वह आज के दौर में रोजगार और स्थिर भविष्य की गारंटी क्यों नहीं दे पा रहा है।
विनिर्माण क्षेत्र को मजबूत करने की जरूरत
कांग्रेस नेता ने भारतीय अर्थव्यवस्था में छोटे और मध्यम उद्योगों तथा कृषि क्षेत्र की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यही क्षेत्र बड़े पैमाने पर रोजगार पैदा करने की क्षमता रखते हैं। केवल सेवा क्षेत्र के भरोसे देश के सभी युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना संभव नहीं है।
राहुल गांधी ने ‘मेक इन इंडिया’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ जैसी योजनाओं की प्रभावशीलता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश के विनिर्माण क्षेत्र को दोबारा मजबूत करने और छोटे कारोबारों को बढ़ावा देने की जरूरत है।
भाजपा ने किया पलटवार
राहुल गांधी के बयान पर भाजपा ने भी प्रतिक्रिया दी। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने उन्हें ‘भारत विरोधी प्रचार का नेता’ बताते हुए आरोप लगाया कि राहुल विदेश में भारत की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।
राहुल गांधी की अमेरिका यात्रा के दौरान 18 नवंबर को शिकागो विश्वविद्यालय में भी छात्रों और शिक्षाविदों के साथ संवाद का कार्यक्रम निर्धारित है।




