ढाका। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की भारत से वापसी को लेकर दोनों देशों के बीच कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है। बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के सूचना सलाहकार जाहिद उर रहमान ने मंगलवार को स्पष्ट कहा कि भारत या कोई अन्य देश शेख हसीना की वापसी को लेकर बांग्लादेश पर शर्तें नहीं थोप सकता। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश एक स्वतंत्र और संप्रभु राष्ट्र है तथा किसी भी अनुचित दबाव को स्वीकार नहीं करेगा।
सलाहकार का यह बयान उन मीडिया रिपोर्टों के बाद आया है, जिनमें दावा किया गया था कि भारत ने हसीना को बांग्लादेश भेजने के लिए दो शर्तें रखी हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, भारत चाहता है कि बांग्लादेश की सेना सीधे हसीना को रिसीव करे। इसके अलावा उन्हें मौत की सजा के खिलाफ अपील करने और नए सिरे से सुनवाई का अवसर दिए जाने की कानूनी गारंटी भी मांगी गई है। हालांकि, भारत सरकार ने इन कथित शर्तों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
प्रत्यर्पण संधि के तहत वापसी चाहता है ढाका
बांग्लादेश सरकार लगातार भारत से शेख हसीना का प्रत्यर्पण करने की मांग कर रही है। जाहिद उर रहमान ने कहा कि हसीना की वापसी और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई बांग्लादेश के मौजूदा कानूनों के अनुसार होगी। सरकार ने प्रत्यर्पण संधि के तहत औपचारिक अनुरोध किया है।
इससे पहले बांग्लादेश की विदेश राज्य मंत्री शमा ओबैद इस्लाम भी भारत की ओर से शर्तें रखे जाने संबंधी खबरों को निराधार बता चुकी हैं। उन्होंने कहा था कि नई दिल्ली के साथ इस तरह की कोई आधिकारिक बातचीत नहीं हुई है।
भारत ने बताया कानूनी मामला
भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा है कि शेख हसीना के प्रत्यर्पण का मामला कानूनी प्रक्रिया से जुड़ा है और इसे उसी के अनुसार देखा जाएगा। भारत बांग्लादेश के साथ सकारात्मक, रचनात्मक और भविष्य को ध्यान में रखकर संबंध बनाए रखना चाहता है।
गौरतलब है कि अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद सत्ता से बेदखल होने पर शेख हसीना भारत आ गई थीं। नवंबर 2025 में बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने उन्हें मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में उनकी अनुपस्थिति में मौत की सजा और एक अन्य मामले में आजीवन कारावास सुनाया था। हसीना ने आरोपों और सुनवाई की प्रक्रिया को खारिज किया है।
फिलहाल हसीना की वापसी का मामला भारत और बांग्लादेश के बीच कानूनी और कूटनीतिक चर्चा का प्रमुख विषय बना हुआ है।





