गुवाहाटी। असम के कार्बी आंगलोंग जिले ने अपनी समृद्ध जनजातीय संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाते हुए इतिहास रच दिया है। जिले की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर करीब 15 हजार कलाकारों ने एक साथ पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुत कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया। यह भव्य आयोजन सोमवार को डिफू स्थित कासा स्टेडियम में किया गया, जिसमें विभिन्न जनजातियों और समुदायों के कलाकारों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
इस सामूहिक नृत्य प्रदर्शन में कलाकारों ने पारंपरिक कार्बी लोकनृत्य ‘निमसो केरुंग’ प्रस्तुत किया। हजारों कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में एक साथ तालमेल के साथ नृत्य कर क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और सामुदायिक एकता का शानदार प्रदर्शन किया। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के आधिकारिक निर्णायक ने इस उपलब्धि की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने दी बधाई
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कलाकारों को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि कार्बी आंगलोंग के 75 साल पूरे होने के अवसर पर डिफू में 15 हजार कलाकार कार्बी संस्कृति का उत्सव मना रहे हैं। उन्होंने समारोह में शामिल होने को लेकर भी उत्सुकता जताई।
कार्बी आंगलोंग स्वायत्त परिषद (केएएसी) के मुख्य कार्यकारी सदस्य तुलीराम रोंगहांग ने इसे जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि विभिन्न जनजातियों और समुदायों के लोगों ने एकजुट होकर पारंपरिक नृत्य के माध्यम से विश्व मंच पर अपनी पहचान बनाई है।
तीन दिवसीय समारोह का मुख्य आकर्षण
कार्बी आंगलोंग दिवस की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 15 से 17 नवंबर तक तीन दिवसीय समारोह आयोजित किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की पारंपरिक कला, संस्कृति और जनजातीय विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना था।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की इस उपलब्धि ने न केवल असम, बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया है। साथ ही यह आयोजन विभिन्न समुदायों के बीच एकता, सद्भाव और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का भी प्रतीक बन गया है।





