मुंबई। देश की बजट एयरलाइन स्पाइसजेट की परिचालन संबंधी परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। मंगलवार शाम मुंबई एयरपोर्ट से स्पाइसजेट की एक भी उड़ान रवाना नहीं हुई। इसके चलते सैकड़ों यात्री एयरपोर्ट पर फंस गए। घंटों इंतजार के बाद भी उड़ानों के रवाना होने की स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने से यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज यात्रियों ने एयरलाइन के काउंटर पर जमकर हंगामा किया और नारेबाजी की।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब सात बजे के बाद मुंबई एयरपोर्ट से स्पाइसजेट की कोई भी फ्लाइट उड़ान नहीं भर सकी। देर रात तक कई उड़ानें प्रभावित रहीं। रात 11:30 बजे रवाना होने वाली एक फ्लाइट की बोर्डिंग भी शुरू नहीं हो पाई थी। यात्रियों का आरोप है कि एयरलाइन की ओर से न तो देरी का स्पष्ट कारण बताया गया और न ही उड़ानों के नए समय की जानकारी दी गई।
घंटों इंतजार करते रहे यात्री
एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में यात्री अपने सामान के साथ उड़ानों का इंतजार करते रहे। एयरलाइन के काउंटर पर यात्रियों की भीड़ जमा हो गई। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में लोग नाराजगी जताते और स्पाइसजेट के खिलाफ नारे लगाते दिखाई दिए। यात्रियों ने कहा कि समय पर सूचना नहीं मिलने के कारण उनकी आगे की यात्रा और जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं।
आर्थिक संकट से जूझ रही एयरलाइन
स्पाइसजेट की उड़ानों में व्यवधान का यह पहला मामला नहीं है। पिछले कुछ दिनों से एयरलाइन की परिचालन व्यवस्था प्रभावित चल रही है। रविवार को दुबई से संचालित होने वाली उसकी चार उड़ानें रद करनी पड़ी थीं। बताया गया कि ग्राउंड हैंडलिंग कंपनी डीएनएटा (dnata) ने बकाया भुगतान नहीं मिलने के कारण चेक-इन सेवाएं रोक दी थीं।
इससे पहले दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और मुंबई एयरपोर्ट प्रशासन ने भी यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी कर स्पाइसजेट की उड़ानों में संभावित देरी और व्यवधान को लेकर सतर्क किया था।
फिलहाल एयरलाइन की ओर से मुंबई एयरपोर्ट पर मंगलवार शाम हुए व्यवधान को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। लगातार प्रभावित हो रही उड़ानों ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है।





