वॉशिंगटन। दुनिया की प्रमुख एआई चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के पूर्व सीईओ जेनसेन हुआंग ने इस्तीफा देने के बाद पहली बार सार्वजनिक बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यदि कंपनी का निदेशक मंडल उन्हें दोबारा सीईओ की जिम्मेदारी सौंपने का फैसला करता है तो उनके लिए यह सम्मान की बात होगी।
हुआंग का यह बयान ऐसे समय आया है, जब कंपनी में उनकी वापसी को लेकर समर्थकों का अभियान तेज हो गया है। इसमें एलन मस्क समेत सिलिकॉन वैली की कई प्रभावशाली हस्तियां शामिल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 1.75 लाख लोगों ने उनकी वापसी के समर्थन में खुले पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं। इनमें एनवीडिया के वर्तमान और पूर्व कर्मचारी, निवेशक तथा अन्य समर्थक भी शामिल हैं।
हुआंग ने अपने बयान में कहा कि कंपनी से अलग होने के बाद उन्हें कर्मचारियों, निवेशकों, कारोबारी साझेदारों और ग्राहकों की ओर से लगातार वापसी के अनुरोध मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि एनवीडिया एक असाधारण कंपनी है और यदि निदेशक मंडल को लगता है कि उनकी वापसी शेयरधारकों, कर्मचारियों, कंपनी और अमेरिका के हित में होगी तो वह दोबारा जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार हैं।
उन्होंने अपने निजी जीवन की गलतियों को भी स्वीकार किया। हुआंग ने कहा कि वह एनवीडिया में अपेक्षित मानकों पर खरे नहीं उतरे और उनसे गंभीर गलतियां हुई हैं। इसके कारण निदेशक मंडल को परेशानियों का सामना करना पड़ा, जिसका उन्हें अफसोस है। उन्होंने जांच में पूरा सहयोग देने की प्रतिबद्धता भी जताई।
गौरतलब है कि निजी संबंधों को लेकर उठे विवाद के बीच 12 नवंबर को हुआंग ने एनवीडिया के अध्यक्ष, सीईओ और निदेशक मंडल की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद कंपनी की मुख्य वित्तीय अधिकारी कोलेट क्रेस को अंतरिम सीईओ की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी हुआंग की वापसी का समर्थन किया है। हालांकि, कंपनी का निदेशक मंडल उनकी वापसी को लेकर सकारात्मक संकेत नहीं दे रहा है। बोर्ड ने स्थायी सीईओ की नियुक्ति के लिए आंतरिक और बाहरी उम्मीदवारों पर विचार करने की बात कही है।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच हुआंग की वापसी को लेकर चर्चाएं तेज हैं, लेकिन अंतिम फैसला कंपनी के निदेशक मंडल के हाथ में है।




