Top 5 This Week

Related Posts

भाजपा ने सपा को बताया ‘दलित विरोधी’, राम गोपाल यादव की टिप्पणी पर गरमाई सियासत

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर दलित विरोधी होने का आरोप लगाते हुए पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राम गोपाल यादव की टिप्पणी को लेकर तीखा हमला बोला है। भाजपा ने आरोप लगाया कि आगरा में आयोजित दलित सम्मेलन के दौरान राम गोपाल यादव ने अनुसूचित जाति के लोगों को ‘मूर्ख’ कहकर उनका अपमान किया।

भाजपा मुख्यालय में सोमवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए पार्टी के उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कहा कि सपा ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए दलितों को अपने पक्ष में करने के लिए सम्मेलन आयोजित किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के नाम पर दलितों, गरीबों और पिछड़े वर्गों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।

दरअसल, रविवार को आगरा में आयोजित सपा के पीडीए दलित सम्मेलन के दौरान राम गोपाल यादव भाषण दे रहे थे। इसी बीच कुछ लोगों के शोर मचाने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा था, “जो लोग इतना शोर मचा रहे हैं, आप पार्टी के समर्थक हैं या विरोधी? वहां शांत रहिए। मूर्ख कहीं के।” उनकी इसी टिप्पणी को लेकर भाजपा ने आपत्ति जताई है।

लाल सिंह आर्य ने कहा कि दलित समुदाय के लोगों को इस तरह संबोधित करना पूरे समाज का अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सत्ता की लालसा में दलितों की हितैषी होने का दिखावा कर रही है।

भाजपा नेता ने सपा के पूर्ववर्ती शासनकाल का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में पार्टी की सरकार के दौरान ज्योतिबा फुले, डॉ. भीमराव आंबेडकर और कांशीराम के नाम पर संचालित कई सरकारी योजनाओं के नाम बदले गए। उन्होंने वर्ष 1995 में लखनऊ में मायावती के साथ हुई घटना और वर्ष 2012 में सरकारी ठेकों में दलितों के आरक्षण की व्यवस्था समाप्त किए जाने का भी मुद्दा उठाया।

आर्य ने यह भी आरोप लगाया कि वर्ष 2012 से 2016 के बीच सरकारी नौकरियों और पदोन्नति में आरक्षण से जुड़े प्रस्तावित प्रावधानों की प्रतियां फाड़कर संविधान का अपमान किया गया था।

भाजपा ने राम गोपाल यादव की टिप्पणी को दलित समाज के प्रति सपा की सोच से जोड़ते हुए पार्टी पर निशाना साधा है। इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में दलितों के मुद्दे को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।

Popular Articles