Top 5 This Week

Related Posts

अर्धकुंभ 2027 की तैयारी तेज, हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर अलग होंगे प्रवेश और निकास मार्ग; भीड़ नियंत्रण के लिए बनेगी विशेष व्यवस्था

हरिद्वार। अर्धकुंभ मेला-2027 को लेकर रेलवे और मेला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना को देखते हुए रेलवे स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन और यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए नई व्यवस्था विकसित की जाएगी। इसके तहत स्टेशन पर आने और बाहर जाने वाले यात्रियों के लिए अलग-अलग रास्ते बनाए जाएंगे। वहीं, आरक्षित और अनारक्षित टिकट वाले यात्रियों के लिए भी पृथक प्रवेश मार्ग निर्धारित करने की योजना है।

इसी सिलसिले में शुक्रवार को मेलाधिकारी सोनिका, आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल की डीआरएम विनीता श्रीवास्तव, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हरिद्वार रेलवे स्टेशन का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने नवनिर्मित अनारक्षित टिकट केंद्र, प्रतीक्षालय, होल्डिंग एरिया और यात्रियों की आवाजाही के लिए प्रस्तावित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

आरक्षित और अनारक्षित यात्रियों के लिए अलग रास्ते

निरीक्षण के दौरान स्टेशन पर भीड़ को एक स्थान पर जमा होने से रोकने के लिए प्रवेश, निकास और प्रस्थान की अलग-अलग व्यवस्था विकसित करने पर चर्चा हुई। आरक्षित और अनारक्षित श्रेणी के यात्रियों के लिए प्लेटफॉर्म तक पहुंचने के अलग रास्ते निर्धारित किए जाएंगे। इसके अलावा अलग-अलग दिशाओं में जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी पृथक प्रस्थान व्यवस्था बनाने का सुझाव दिया गया।

मॉक ड्रिल से परखी जाएगी सुरक्षा व्यवस्था

अधिकारियों ने कहा कि अर्धकुंभ के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। प्रस्तावित व्यवस्थाओं को मॉक ड्रिल के माध्यम से परखा जाएगा, ताकि किसी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। सुरक्षित निकासी के लिए अधिक निकास मार्ग विकसित करने और पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम करने पर भी जोर दिया गया।

पार्किंग और ट्रेन संचालन पर भी मंथन

स्टेशन परिसर में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था विकसित करने की जरूरत बताई गई, ताकि सड़कों पर वाहनों की पार्किंग से यातायात बाधित न हो। इसके साथ ही ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान के समय का यात्रियों की संख्या और उपलब्ध सुविधाओं के साथ बेहतर समन्वय करने पर चर्चा हुई।

संयुक्त निरीक्षण में मिले सुझावों के आधार पर रेलवे अपनी कार्ययोजना को अंतिम रूप देगा। इसके बाद मेला प्रशासन के साथ समन्वय कर सभी व्यवस्थाएं तय की जाएंगी, ताकि अर्धकुंभ शुरू होने से पहले जरूरी इंतजाम पूरे किए जा सकें।

Popular Articles