Top 5 This Week

Related Posts

पाकिस्तान में सेना का बड़ा अभियान, बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में 74 आतंकियों को मारने का दावा

इस्लामाबाद। पाकिस्तान की सेना ने बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा प्रांतों में चलाए गए अलग-अलग सैन्य अभियानों में 74 आतंकियों को मार गिराने का दावा किया है। पाकिस्तानी सेना के जनसंपर्क विभाग इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) के अनुसार, ये अभियान खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए थे। इस दौरान बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई है।

सेना की ओर से शुक्रवार को जारी बयान के मुताबिक, खैबर पख्तूनख्वा में पिछले 48 घंटों के दौरान सुरक्षा बलों ने मीर अली और ओरकजई जिले में कार्रवाई की। इन अभियानों में 43 आतंकियों के मारे जाने की बात कही गई है। इनमें मीर अली में 35 और ओरकजई में आठ आतंकी शामिल हैं।

बलूचिस्तान में 31 आतंकी ढेर

ISPR के मुताबिक, बलूचिस्तान के क्वेटा जिले के करम इलाके में तीन नवंबर से लगातार खुफिया अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान सुरक्षा बलों ने कई आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। सेना ने यहां 31 आतंकियों को मार गिराने का दावा किया है।

सेना के अनुसार, कार्रवाई के दौरान आतंकियों के ठिकानों से हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद किए गए। खैबर पख्तूनख्वा में भी तलाशी अभियान के दौरान इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) और अन्य विस्फोटक सामग्री मिली है।

भारत पर लगाए गंभीर आरोप

पाकिस्तानी सेना ने अपने बयान में मारे गए आतंकियों को भारत समर्थित संगठन से जुड़ा बताया है। हालांकि, भारत पहले भी पाकिस्तान की ओर से लगाए गए ऐसे आरोपों को खारिज करता रहा है। इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

आतंकवाद के खिलाफ अभियान जारी रखने का ऐलान

पाकिस्तानी सेना ने कहा कि देश में आतंकवादी नेटवर्क को खत्म करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेंगे। सेना के मुताबिक, ‘अज्म-ए-इस्तेहकाम’ अभियान के तहत आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई तेज की जाएगी।

इस बीच पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सुरक्षा बलों की कार्रवाई की सराहना की है।

Popular Articles