वाशिंगटन। माइक्रोसॉफ्ट 365 की सेवाओं में आई वैश्विक तकनीकी खराबी से दुनियाभर में लाखों यूजर्स प्रभावित हुए हैं। आउटलुक, माइक्रोसॉफ्ट टीम्स, कोपायलट और अन्य सेवाओं के ठप होने से कई देशों में सरकारी और निजी संस्थानों का कामकाज बाधित हुआ है। इस बीच सोशल मीडिया पर आउटेज को लेकर साइबर हमले और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एजेंट के अनियंत्रित होने जैसी चर्चाएं शुरू हो गईं। अब माइक्रोसॉफ्ट ने इन दावों पर सफाई दी है।
साइबर हमले की आशंका से कंपनी का इनकार
माइक्रोसॉफ्ट में कोपायलट, एजेंट्स और प्लेटफॉर्म के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट चार्ल्स लैमन्ना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि कंपनी को फिलहाल ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है, जिससे यह साबित हो कि सेवाओं में आई रुकावट किसी दुर्भावनापूर्ण गतिविधि या साइबर हमले का परिणाम है।
उन्होंने ग्राहकों को हुई परेशानी पर खेद जताते हुए कहा कि कंपनी समस्या को दूर करने के लिए लगातार काम कर रही है। जैसे ही जांच से जुड़ी नई जानकारी मिलेगी, उसे साझा किया जाएगा।
AI एजेंट के अनियंत्रित होने की चर्चा भी खारिज
माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं बंद होने के बाद इंटरनेट पर दावा किया जाने लगा कि किसी AI एजेंट के अनियंत्रित हो जाने से यह समस्या पैदा हुई है। हालांकि, कंपनी ने इस तरह के दावों की पुष्टि नहीं की है। फिलहाल आउटेज के पीछे किसी AI सिस्टम की भूमिका सामने नहीं आई है।
सर्वर में तकनीकी गड़बड़ी बनी परेशानी
कंपनी के अनुसार, कई क्षेत्रों में सर्वर की उपलब्धता प्रभावित हुई है। कुछ सर्वर अचानक काम करना बंद कर गए, जिससे बाकी सर्वरों पर दबाव बढ़ गया। कंपनी ने सेवाओं को बहाल करने के लिए कुछ बदलाव किए, लेकिन शुरुआती प्रयास उम्मीद के मुताबिक सफल नहीं रहे।
अब माइक्रोसॉफ्ट वैकल्पिक तकनीकी उपायों के जरिए सर्वर की क्षमता बढ़ाने और ट्रैफिक असंतुलन को दूर करने में जुटी है।
भारत समेत कई देशों में असर
इस आउटेज का असर भारत, अमेरिका, जापान और अन्य देशों में देखने को मिला है। यूजर्स को ईमेल भेजने, इनबॉक्स खोलने और ऑनलाइन मीटिंग करने में परेशानी हुई। कई कंपनियों और सरकारी विभागों का कामकाज भी प्रभावित हुआ।
कंपनी ने कहा है कि सेवाओं को पूरी तरह सामान्य करने के प्रयास जारी हैं। हालांकि, तकनीकी समस्या की वास्तविक वजह का विस्तृत खुलासा जांच पूरी होने के बाद किया जाएगा।





