Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड में अब डिजिटल नक्शे पर दर्ज होगा हर घर, जियो टैगिंग से होगी जनगणना; 16 नवंबर से स्व-गणना शुरू

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी जनगणना को इस बार पूरी तरह डिजिटल और पेपरलेस तरीके से कराया जाएगा। नई व्यवस्था के तहत प्रदेश के प्रत्येक घर को डिजिटल मानचित्र पर दर्ज किया जाएगा और उसकी जियो टैगिंग भी की जाएगी। इससे घरों की सही लोकेशन और जनगणना से जुड़े आंकड़ों की निगरानी करना आसान होगा। करीब 15 साल बाद होने जा रही इस जनगणना में पहली बार व्यापक जातिगत गणना भी शामिल की गई है।

16 से 30 नवंबर तक घर बैठे कर सकेंगे स्व-गणना

जनगणना निदेशालय के अनुसार, प्रदेश में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक डिजिटल स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इस दौरान नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपने और परिवार के सदस्यों का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए मोबाइल नंबर और ओटीपी के माध्यम से लॉगिन करना होगा।

स्व-गणना के दौरान परिवार से संबंधित 40 सवाल पूछे जाएंगे। इनमें नाम, उम्र, लिंग, वैवाहिक स्थिति, धर्म, जाति, मातृभाषा, शिक्षा, रोजगार, दिव्यांगता और पलायन से संबंधित जानकारियां शामिल होंगी।

एक दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक

ऑनलाइन फॉर्म जमा करने के बाद प्रत्येक परिवार को एक विशिष्ट स्व-गणना आईडी (SE ID) मिलेगी। एक दिसंबर से चार जनवरी 2027 तक जनगणना कर्मचारी घर-घर पहुंचकर जानकारी का भौतिक सत्यापन करेंगे। इस दौरान परिवारों को अपनी एसई आईडी दिखानी होगी, जिससे कर्मचारी डिजिटल एप के माध्यम से दर्ज जानकारी का सत्यापन कर सकेंगे।

प्रदेश में तैनात होंगे 35 हजार कर्मचारी

जनगणना अभियान को सफल बनाने के लिए प्रदेशभर में करीब 35 हजार प्रगणक, पर्यवेक्षक और आरक्षित कार्मिक तैनात किए जाएंगे। पूरी प्रक्रिया की रियल टाइम मॉनिटरिंग भी की जाएगी।

जनगणना निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव के अनुसार, डिजिटल स्व-गणना से लोगों को घर बैठे अपना विवरण दर्ज करने की सुविधा मिलेगी। साथ ही घरों की जियो टैगिंग से जनगणना की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनेगी।

जनगणना की संदर्भ तिथि पांच जनवरी 2027 की मध्यरात्रि निर्धारित की गई है।

Popular Articles