नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आजकल कुछ लोग अपनी जेब से संविधान निकालते हैं और उन्हें लगता है कि देश का संविधान और लोकतंत्र उनकी जेब में है। सत्ता से बाहर रहने के बावजूद ऐसे लोगों में सत्ता का नशा दिखाई देता है। प्रधानमंत्री ने यह बात दिल्ली में आयोजित ‘भारत कृषि सम्मेलन-2026’ को संबोधित करते हुए कही।
गुजरात की रैंकिंग का भी किया जिक्र
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने गुजरात के मुख्यमंत्री रहने के दिनों का एक किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि एक आर्थिक रैंकिंग में गुजरात को देश में पहला स्थान मिला था। जिस संस्था ने यह रैंकिंग जारी की थी, उसका नाम देश के एक पूर्व प्रधानमंत्री के नाम पर था।
पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि उस समय दिल्ली में सत्ता पर बैठे लोगों को गुजरात को मिला यह सम्मान पसंद नहीं आया। उन्होंने शोधकर्ताओं को निर्देश दिए कि कोई भी रिपोर्ट प्रकाशित करने से पहले उनसे अनुमति ली जाए। प्रधानमंत्री ने कहा कि उस समय यही स्थिति थी और आज वही लोग लोकतंत्र और सहिष्णुता की बातें करते हैं।
किसानों के हित में डीजल की कीमतों का किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने किसानों को राहत देने के लिए डीजल की कीमतों में सीमित बढ़ोतरी का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 70 डॉलर से बढ़कर 122 डॉलर प्रति बैरल हो गई थी। ऐसी स्थिति में डीजल की कीमत में 50 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी करनी पड़ सकती थी, लेकिन सरकार ने केवल सात रुपये की वृद्धि की और बाकी 43 रुपये का बोझ खुद उठाया।
उन्होंने दावा किया कि सरकार इस फैसले के कारण हर महीने करीब 14 हजार करोड़ रुपये का भार उठा रही है, ताकि किसानों को महंगे ईंधन का असर न झेलना पड़े।
कृषि को आधुनिक बनाने पर दिया जोर
पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत का सपना कृषि को आधुनिक बनाए और किसानों को सशक्त किए बिना पूरा नहीं हो सकता। उन्होंने सौर ऊर्जा से चलने वाले कृषि उपकरणों को बढ़ावा देने की बात कही। साथ ही पीएम-कुसुम योजना के तहत करीब 12 लाख सौर पंप उपलब्ध कराने का भी उल्लेख किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य किसानों को केवल अन्नदाता तक सीमित न रखकर कृषि उद्यमी बनाना है। उन्होंने कृषि निर्यात, आधुनिक तकनीक और ग्रामीण विकास को देश की आर्थिक प्रगति का महत्वपूर्ण आधार बताया।





