Top 5 This Week

Related Posts

कर्नाटक और गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर जाएंगे पीएम मोदी, 15,600 करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 और 14 नवंबर को कर्नाटक और गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। दौरे में मेट्रो, रेलवे, ऊर्जा, पेट्रोलियम और शहरी विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।

बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन को दिखाएंगे हरी झंडी

प्रधानमंत्री 13 नवंबर को बेंगलुरु में स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान (एस-व्यासा) के प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद वह तावरेकेरे से आइआइएम बेंगलुरु मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो की यात्रा करेंगे और बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन के नए हिस्से का उद्घाटन करेंगे। करीब 3470 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह खंड शहर में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाएगा।

इसके अलावा प्रधानमंत्री बेंगलुरु में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें नवीकरणीय ऊर्जा के लिए बिजली पारेषण परियोजनाएं और कचरे से बायोगैस बनाने वाला संयंत्र भी शामिल है।

मंगलुरु में भूमिगत एलपीजी भंडारण सुविधा का लोकार्पण

पीएम मोदी मंगलुरु में 850 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार देश की सबसे बड़ी भूमिगत एलपीजी भंडारण सुविधा राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसकी भंडारण क्षमता 80 हजार मीट्रिक टन है। इसके साथ ही वह चार पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे। इनमें चामराजनगर, चिकमगलूर, सकलेशपुर और सुब्रह्मण्य रोड स्टेशन शामिल हैं।

प्रधानमंत्री बेंगलुरु-मंगलुरु-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों और गोवा के बीच रेल संपर्क को बेहतर बनाएगी।

मैसूर में तारामंडल का करेंगे उद्घाटन

प्रधानमंत्री मैसूर में भारत वन के पौधारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद कॉसमॉस-मैसूर तारामंडल का उद्घाटन करेंगे। यह भारत का पहला एलईडी डोम तारामंडल है, जहां खगोल विज्ञान से जुड़ी जानकारियां आधुनिक तकनीक के माध्यम से दी जाएंगी।

14 नवंबर को अंबाजी मंदिर में करेंगे दर्शन

दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री गुजरात के बनासकांठा जिले में स्थित प्रसिद्ध अंबाजी मंदिर जाएंगे। यहां वह दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। अंबाजी मंदिर देश के 51 शक्तिपीठों में शामिल है।

प्रधानमंत्री का यह दौरा कर्नाटक में बुनियादी ढांचे और परिवहन सुविधाओं को मजबूत करने के साथ गुजरात में धार्मिक यात्रा से भी जुड़ा रहेगा।

Popular Articles