Top 5 This Week

Related Posts

कांगो में आईएस से जुड़े विद्रोहियों का खूनी हमला, 22 लोगों की हत्या; 10 से अधिक का अपहरण

इतुरी। अफ्रीकी देश कांगो के पूर्वी हिस्से में इस्लामिक स्टेट (आईएस) से जुड़े विद्रोही संगठन ने बड़े पैमाने पर हिंसा फैलाते हुए कम से कम 22 लोगों की हत्या कर दी और 10 से अधिक लोगों का अपहरण कर लिया। विद्रोहियों ने दो दिनों के भीतर आठ अलग-अलग स्थानों पर हमले किए। इस दौरान कई घरों और मोटरसाइकिलों को भी आग के हवाले कर दिया गया। नागरिक संगठनों ने बुधवार को इन घटनाओं की जानकारी दी।

हमले कांगो के पूर्वी इतुरी प्रांत के मम्बासा इलाके में युगांडा सीमा के पास स्थित दूरदराज के गांवों में किए गए। ये इलाके बेहद दुर्गम हैं, जिसके कारण राहत और सुरक्षा एजेंसियों को वहां पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका

कांगो के नागरिक समाज संगठन की मम्बासा इकाई की समन्वयक मैरी-नोएल अनातोबे के मुताबिक, हमलों में कम से कम 22 नागरिकों की मौत हुई है। मृतकों की संख्या अभी शुरुआती है और इसमें बढ़ोतरी हो सकती है। हमलावरों ने कई लोगों को अगवा करने के साथ घरों और वाहनों को भी निशाना बनाया।

मम्बासा के उप प्रशासक कर्नल मैक्सिम त्शिशिम्बी ने कहा कि विद्रोही संगठन की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि, स्थानीय लोगों का आरोप है कि हमलों के दौरान सुरक्षा बल अक्सर मौके पर मौजूद नहीं रहते।

2019 में आईएस के प्रति जताई थी निष्ठा

हमलों के पीछे एलाइड डेमोक्रेटिक फोर्सेज (एडीएफ) संगठन का हाथ बताया जा रहा है। इस संगठन की शुरुआत युगांडा में हुई थी। बाद में सैन्य दबाव के कारण इसके लड़ाके कांगो के सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय हो गए। वर्ष 2019 में संगठन ने इस्लामिक स्टेट के प्रति निष्ठा जताई थी। फिलहाल कांगो और युगांडा की सेनाएं इसके खिलाफ संयुक्त अभियान चला रही हैं।

इबोला संक्रमण रोकने की कोशिशों को झटका

कांगो में यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब इतुरी प्रांत इबोला के गंभीर प्रकोप से जूझ रहा है। संक्रमण के कारण अब तक 11 हजार से अधिक लोग प्रभावित हो चुके हैं और पांच हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार हिंसा और असुरक्षा के कारण स्वास्थ्यकर्मियों के प्रभावित इलाकों तक पहुंचने तथा संक्रमण पर नियंत्रण पाने की कोशिशों में बाधा आने की आशंका है।

Popular Articles