नैनीताल उत्तराखंड के नैनीताल जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कैंची धाम के पास निगलाट क्षेत्र में बरेली के पांच युवकों से भरी एक स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद चारों घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, 12 नवंबर 2026 की मध्यरात्रि नैनीताल आपदा कंट्रोल रूम को कैंची धाम के समीप निगलाट क्षेत्र में वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। बताया गया कि उत्तर प्रदेश के बरेली नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार (UP 25 EJ 4586) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे के समय कार में कुल पांच लोग सवार थे और सभी बरेली के रहने वाले थे।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट खैरना से उप निरीक्षक देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। दुर्गम खाई और रात का अंधेरा होने के बावजूद जवानों ने स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय बनाकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने काफी मशक्कत के बाद चार घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद सभी को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भवाली पहुंचाया गया, जहां उन्हें उपचार के लिए भर्ती कराया गया। रेस्क्यू अभियान के दौरान एक युवक की मौत होने की पुष्टि हुई। मृतक की पहचान 29 वर्षीय अनुज तिवारी पुत्र लक्ष्मी नारायण तिवारी, निवासी ग्राम शेखपुर, बरेली के रूप में हुई है। वह दुर्घटनाग्रस्त कार चला रहा था। एसडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद उसका शव भी खाई से बाहर निकाला और आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
दुर्घटना में घायल चार युवकों की पहचान सनी (23 वर्ष), पुत्र तेजराम, निवासी ग्राम मिल कॉपर, बरेली; रवि, पुत्र दिनेश मौर्य, निवासी बरेली; संचित, पुत्र हृदय नारायण तिवारी, निवासी ग्राम शेखपुर, बरेली और संदीप शर्मा, पुत्र रामकुमार शर्मा, निवासी बरेली के रूप में हुई है। फिलहाल हादसे के कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। देर रात हुए इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की जरूरत को उजागर कर दिया है।





