Top 5 This Week

Related Posts

अन्नकूट पर्व पर विधि-विधान से बंद हुए गंगोत्री धाम के कपाट, मां गंगा की डोली मुखबा के लिए रवाना

उत्तरकाशी। विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट मंगलवार को अन्नकूट (गोवर्धन पूजा) के पावन अवसर पर दोपहर 12 बजकर 5 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के बीच मां गंगा की विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके साथ ही इस वर्ष की गंगोत्री धाम की यात्रा का समापन हो गया।

पांच क्विंटल फूलों से सजाया गया मंदिर

कपाटबंदी के अवसर पर गंगोत्री मंदिर को करीब पांच क्विंटल रंग-बिरंगे फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। कपाट बंद होने से पहले विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां गंगा के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

सेना के बैंड और जयकारों के साथ रवाना हुई डोली

कपाट बंद होने के बाद मां गंगा की उत्सव डोली पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शीतकालीन प्रवास मुखबा गांव के लिए रवाना हुई। डोली यात्रा में सेना के बैंड की मधुर धुनों और मां गंगा के जयकारों के बीच हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा के दौरान सोमवार की रात के बजाय मंगलवार को रात्रि विश्राम मार्कण्डेय पुरी स्थित देवी मंदिर में होगा। इसके बाद 11 नवंबर को भैया दूज के अवसर पर डोली मुखबा पहुंचेगी।

छह महीने तक मुखबा में होंगे दर्शन

गंगोत्री धाम के कपाट बंद रहने के दौरान अगले छह महीने तक श्रद्धालु मुखबा स्थित मां गंगा के शीतकालीन मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे। मुखबा गांव में मां गंगा की डोली के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। ग्रामीणों में देवी के आगमन को लेकर उत्साह है।

चारधाम यात्रा के तहत अब यमुनोत्री और केदारनाथ धाम के कपाट 11 नवंबर को भैया दूज पर बंद होंगे, जबकि बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को बंद किए जाएंगे।

Popular Articles