नई दिल्ली। दीपावली का त्योहार देशभर में उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया, लेकिन आतिशबाजी के दौरान हुए हादसों ने कई परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं। पटाखों से लगी आग और अन्य दुर्घटनाओं में देशभर में 24 लोगों की मौत हो गई, जबकि सैकड़ों लोग घायल हो गए। सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और दिल्ली शामिल रहे।
मध्य प्रदेश में दो हादसों में 12 लोगों की मौत
मध्य प्रदेश के कटनी और सिवनी जिलों में आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं में 12 लोगों की जान चली गई। कटनी के बरही कस्बे में कारोबारी पूरन अग्रवाल के तीन मंजिला मकान में आग लगने से दो महीने के बच्चे समेत छह लोगों की मौत हो गई। वहीं, सिवनी के छपारा कस्बे में सराफा कारोबारी कुंदन लाल सोनी के मकान में आग लगने से छह लोगों की जान चली गई। हादसे के समय परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे।
दिल्ली में 300 से ज्यादा लोग घायल
राजधानी दिल्ली में पटाखों से झुलसने और घायल होने के करीब 300 मामले सामने आए। सफदरजंग अस्पताल में 135, एम्स में 42 और आकाश हेल्थकेयर में 15 मरीज पहुंचे। एम्स में कई मरीजों की हालत गंभीर बताई गई। इनमें एक आठ वर्षीय बच्चा भी शामिल है, जिसका करीब 45 प्रतिशत शरीर झुलस गया।
उत्तर प्रदेश में तीन बच्चों की मौत
उत्तर प्रदेश में आतिशबाजी से जुड़े अलग-अलग हादसों में तीन बच्चों की मौत हो गई। मेरठ में पांच वर्षीय बच्चा पटाखों की आवाज से घबराकर गिर पड़ा और सिर में चोट लगने से उसकी जान चली गई। फतेहपुर में जेब में रखा सुतली बम फटने से एक किशोर की मौत हुई। वहीं, फर्रुखाबाद में पटाखे का टुकड़ा गले में धंसने से एक बच्चे की जान चली गई।
अन्य राज्यों में भी हुए हादसे
पंजाब और राजस्थान में दो-दो लोगों की मौत हुई। दिल्ली, उत्तराखंड, हरियाणा, बिहार और ओडिशा में भी एक-एक व्यक्ति की जान गई। उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र में आतिशबाजी के दौरान पीएसी के एक रिक्रूट की मौत हो गई।
इसके अलावा कई राज्यों में पटाखों की चिंगारी से मकानों, दुकानों और गोदामों में आग लग गई। इन घटनाओं में करोड़ों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ।
दीपावली के दौरान हुए इन हादसों ने आतिशबाजी के सुरक्षित इस्तेमाल और अग्नि सुरक्षा के इंतजामों पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





