Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड की दारमा घाटी में दिखा दुनिया के सबसे छोटे पक्षियों में शामिल गोल्डक्रेस्ट, 3200 मीटर की ऊंचाई पर मिला दुर्लभ पक्षी

पिथौरागढ़। उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ की दारमा घाटी में प्रकृति का एक अनोखा नजारा देखने को मिला है। यहां नागलिंग ग्लेशियर के समीप समुद्र तल से करीब 3200 मीटर की ऊंचाई पर दुनिया के सबसे छोटे पक्षियों में शामिल गोल्डक्रेस्ट (Goldcrest) नजर आया है। इस दुर्लभ पक्षी की मौजूदगी से पक्षी प्रेमियों और वन्यजीव विशेषज्ञों में उत्साह है।

सिर पर सुनहरी कलगी है खास पहचान

गोल्डक्रेस्ट का वजन महज 4.5 से 7 ग्राम और लंबाई करीब 8.5 से 10 सेंटीमीटर होती है। इसके सिर पर मौजूद सुनहरी मुकुट जैसी कलगी इसे दूसरे पक्षियों से अलग पहचान देती है। यूरोप में इसे ‘किंग ऑफ बर्ड्स’ यानी पक्षियों का राजा भी कहा जाता है।

यह पक्षी मुख्य रूप से शंकुधारी जंगलों में रहता है और छोटे कीटों तथा मकड़ियों को अपना भोजन बनाता है। बेहद छोटे आकार के बावजूद यह ठंडे वातावरण में आसानी से जीवित रह सकता है।

काई और मकड़ी के जाल से बनाता है घोंसला

गोल्डक्रेस्ट का घोंसला बनाने का तरीका भी काफी अनोखा है। यह पेड़ों की लटकती शाखाओं के बीच काई, लाइकेन, मकड़ी के जाल और कैटरपिलर के कोकून की मदद से घोंसला तैयार करता है। इसके अंदर मुलायम बालों की परत बिछाता है, जिससे अंडों और बच्चों को ठंड से सुरक्षा मिलती है।

हिमालय की जैव विविधता के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि

विंग्स फाउंडेशन के जगदीश भट्ट ने दारमा घाटी में इस पक्षी की मौजूदगी को हिमालय की समृद्ध जैव विविधता के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया। उनके अनुसार, इस क्षेत्र के शंकुधारी वन, भोजपत्र, ब्लू पाइन और जुनिपर जैसे पेड़-पौधे अनेक दुर्लभ पक्षियों के लिए अनुकूल आवास उपलब्ध कराते हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे पक्षियों का नियमित अवलोकन और वैज्ञानिक दस्तावेजीकरण जरूरी है। इससे हिमालयी क्षेत्रों में पक्षियों के प्राकृतिक आवास, वितरण और प्रवास को समझने में मदद मिलेगी। साथ ही पर्यटन और विकास गतिविधियों के बीच इन प्राकृतिक आवासों का संरक्षण भी बेहद जरूरी है।

Popular Articles