वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार; छह बाइक बरामद
पिछले महीने स्कूटी चोरी में पकड़े गए तीन आरोपी फिर आए पुलिस के शिकंजे में, चोरी के वाहनों के ठिकाने लगाने में मैकेनिक की भूमिका भी उजागर
हल्द्वानी। शहर में घरों के बाहर और बाजारों में खड़ी बाइकें चोरों के निशाने पर थीं। वाहन चोरी की इन वारदातों के पीछे सक्रिय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं। खास बात यह है कि गिरोह के तीन सदस्य पहले भी स्कूटी चोरी के मामले में गिरफ्तार हो चुके हैं, लेकिन अब फिर वाहन चोरी के खेल में सामने आए हैं।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने योगेश, करन, दीपक और मैकेनिक बताए जा रहे विजय को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गिरोह घरों के बाहर और बाजार में खड़े दोपहिया वाहनों को निशाना बनाता था। चोरी की बाइकों को ठिकाने लगाने और उनके पार्ट्स अथवा नंबर बदलने में मैकेनिक विजय की भूमिका की जांच की जा रही है।
पहले भी पकड़े गए, फिर चोरी के खेल में सक्रिय!
गिरोह के तीन सदस्य करन पाठक दीपक शर्मा और योगेश कुमार आर्या पिछले महीने भी काठगोदाम पुलिस के हत्थे चढ़ चुके हैं। उस समय इनके कब्जे से चोरी की दो स्कूटी बरामद हुई थीं। मामले में काठगोदाम थाने में मुकदमा संख्या मुकदमा दर्ज था।
अब खुलेंगी चोरी की और परतें?
चार आरोपियों की गिरफ्तारी और छह मोटरसाइकिलों की बरामदगी के बाद पुलिस अब वाहनों के रिकॉर्ड खंगाल रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद बाइकें किन-किन थाना क्षेत्रों से चोरी हुई थीं। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में हल्द्वानी, मुखानी और काठगोदाम क्षेत्र में हुई वाहन चोरी की अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।





