Top 5 This Week

Related Posts

खोए मोबाइल की तलाश में नैनीताल पुलिस का बड़ा धमाका, 55 लाख के फोन बरामद

सात राज्यों में फैला रिकवरी अभियान, 250 लोगों के चेहरों पर लौटी मुस्कान; मोबाइल रिकवरी टीम को 2500 रुपये का इनाम

हल्द्वानी। मोबाइल चोरी और गुम होने की शिकायतों के बीच नैनीताल पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए सैकड़ों लोगों की उम्मीदों को हकीकत में बदल दिया। पुलिस की मोबाइल रिकवरी टीम ने सात राज्यों के विभिन्न शहरों में तलाश कर 250 मोबाइल फोन बरामद किए। करीब 55 लाख 25 हजार रुपये कीमत के इन मोबाइलों को उनके असली मालिकों के सुपुर्द कर दिया गया। वर्षों की नहीं, बल्कि महीनों की तलाश के बाद खोया फोन वापस मिलने पर फरियादियों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने नैनीताल पुलिस का आभार जताया।

सात राज्यों तक पहुंची पुलिस की तलाश

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मोबाइल फोन बरामदगी के लिए गठित जनपद स्तरीय मोबाइल ऐप सेल को सख्त निर्देश दिए थे। एसपी हरबंस सिंह के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन/हल्द्वानी रविकान्त सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा मोबाइल ऐप (साइबर सेल) प्रभारी उपनिरीक्षक मीनू गौतम के नेतृत्व में टीम ने शिकायतकर्ताओं के प्रार्थना पत्रों के आधार पर कार्रवाई शुरू की।

जुलाई से 4 नवंबर तक शिकायतों में दर्ज मोबाइलों के आईएमईआई नंबर सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से ट्रैक किए गए। तकनीकी जानकारी और लगातार प्रयासों के आधार पर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के लखनऊ, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर के अलावा पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, राजस्थान, दिल्ली तथा उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से मोबाइल फोन बरामद किए।

आईफोन से लेकर रेडमी तक, 250 फोन बरामद

पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइलों में आईफोन, सैमसंग, ओप्पो, वनप्लस, रियलमी, वीवो, मोटोरोला, नोकिया, इनफिनिक्स, रेडमी, पोको, आईक्यू, टेक्नो और आईटेल जैसे ब्रांड शामिल हैं।

मोबाइल रिकवरी टीम को मिलेगा नकद इनाम

खोए मोबाइल वापस मिलने पर शिकायतकर्ताओं ने एसएसपी नैनीताल और पुलिस टीम का आभार जताया। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मोबाइल रिकवरी टीम के सराहनीय कार्य पर 2500 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की।

पुलिस टीम: उपनिरीक्षक मीनू गौतम, कांस्टेबल किशन सिंह कुंवर और कांस्टेबल रामचन्द्र प्रजापति।

Popular Articles