Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड में सपा का सियासी कुनबा बढ़ा, तबस्सुम चौहान समर्थकों संग पार्टी में शामिल

प्रदेश अध्यक्ष हाजी अब्दुल मतीन सिद्दकी बोले—भाजपा की विदाई तय, सत्ता परिवर्तन में अहम भूमिका निभाएगी सपा

हल्द्वानी/हरिद्वार। उत्तराखंड में सियासी जमीन मजबूत करने की कवायद में जुटी समाजवादी पार्टी ने संगठन विस्तार की मुहिम तेज कर दी है। हरिद्वार के ललतारौ पुल स्थित महानगर कार्यालय में आयोजित कार्यकर्ता बैठक के दौरान गढ़मीरपुर निवासी तबस्सुम चौहान ने समर्थकों के साथ सपा का दामन थाम लिया। प्रदेश अध्यक्ष हाजी अब्दुल मतीन सिद्दकी और प्रदेश सहप्रभारी महंत शुभम गिरी ने फूलमालाओं से उनका स्वागत करते हुए पार्टी में नई जिम्मेदारियों के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

प्रदेश अध्यक्ष हाजी अब्दुल मतीन सिद्दकी की अध्यक्षता में हुई बैठक में संगठन विस्तार और आगामी चुनावों की रणनीति पर चर्चा हुई। इस दौरान सिद्दकी ने कहा कि समाजवादी पार्टी किसानों, मजदूरों और शोषित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने वाली पार्टी है। समाज के सभी वर्गों के हित सपा की नीतियों में सुरक्षित हैं।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की नीतियों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। उत्तराखंड में संगठन को लगातार मजबूत किया जा रहा है और सपा आगामी चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ेगी। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जनता ने सत्ता परिवर्तन का मन बना लिया है। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के साथ केंद्र में भी बदलाव की बयार दिखाई देगी।

प्रदेश सहप्रभारी महंत शुभम गिरी ने कहा कि भाजपा से जनता का मोहभंग हो रहा है और उत्तराखंड में बदलाव की लहर है। प्रदेश की सत्ता बदलने में समाजवादी पार्टी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
बैठक में चंद्रशेखर यादव, मशकूर कुरेशी, डॉ. राजेंद्र पराशर, लव दत्ता, अतुल यादव, राधेश्याम शर्मा, नरेंद्र गुर्जर, वासुदेव यादव, तबस्सुम चौहान, मौसम अली, राशिद राणा, वसीम गौड़, महेंद्र यादव, नईम अब्बासी, साजिद अंसारी, श्रवण शंखधर, शमशाद रशीद, रेहान मलिक, डॉ. नसीर अहमद, नौशाद, मो. शाहनवाज, हर्षवर्धन, अरशद अय्यूब, शकील अंसारी, वसीम सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Popular Articles