तिकोनिया में तेज रफ्तार वाहन ने महिला को कुचला, काठगोदाम में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत; पुलिस की कार्रवाई जारी
हल्द्वानी। शहर की सड़कों पर रफ्तार का कहर दो परिवारों की खुशियां छीन ले गया। तिकोनिया और काठगोदाम क्षेत्र में महज आधे घंटे के अंतराल में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। कहीं दवा लेने निकली महिला जिंदगी की जंग हार गई तो कहीं बाइक सवार को तेज रफ्तार ट्रक ने मौत के मुंह में धकेल दिया। हादसों के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
पुलिस ने गुरुवार को दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल दोनों मामलों में जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
दवा लेने आई महिला को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
पहला हादसा हल्द्वानी के व्यस्त तिकोनिया चौराहे के पास हुआ। भवाली के रानीखेत रोड वार्ड नंबर-7 निवासी 47 वर्षीय ममता बिष्ट बुधवार दोपहर दवा लेने हल्द्वानी आई थीं। अस्पताल की ओर जाते समय वह पैदल सड़क पार कर रही थीं, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद कुछ बाइक सवार युवकों ने मानवता दिखाते हुए घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान देर शाम उनकी मौत हो गई। मृतका के पति आनंद बिष्ट भवाली आंचल दुग्ध केंद्र में संविदा कर्मी हैं। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।
पीछे से आए ट्रक ने बाइक सवार को कुचला
दूसरा हादसा काठगोदाम थाना क्षेत्र में सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र के पास हुआ। दमुवाढूंगा निवासी 46 वर्षीय इरशाद अहमद बाइक से गौलापार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि इरशाद अहमद के सिर में गंभीर चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें तत्काल अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि मृतक की पत्नी गौलापार में एएनएम के पद पर तैनात हैं।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, ट्रक चालक पर कार्रवाई
एसपी सिटी हरबंस सिंह ने दोनों हादसों की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामलों की बारीकी से जांच कर रही है। तिकोनिया हादसे में टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वहीं, काठगोदाम हादसे में ट्रक चालक के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
दोनों हादसों ने एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर कब थमेगा सड़कों पर मौत का यह सिलसिला और कब वाहन चालकों की बेलगाम रफ्तार पर प्रभावी अंकुश लगेगा?





