नई दिल्ली। यूरोप के कई देशों में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब चार यात्री विमानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विमानों का मार्ग बदलवाया और उन्हें सुरक्षित हवाई अड्डों पर उतारा। इसके बाद विमानों की तलाशी ली गई और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया गया।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, धमकी से प्रभावित विमानों में लंदन से वारसा जा रही पोलैंड की LOT एयरलाइंस, कोपेनहेगन से वारसा जा रही SAS एयरलाइंस, ब्रिटेन के मैनचेस्टर से स्पेन जा रही रयानएयर और इस्राइल से बुल्गारिया जा रही एल अल एयरलाइंस की उड़ानें शामिल थीं।
पोलैंड में बंद करना पड़ा हवाई अड्डा
लंदन से वारसा जा रहे LOT एयरलाइंस के विमान में विस्फोटक होने की सूचना मिलने के बाद उसे वारसा के मोडलिन हवाई अड्डे पर उतारा गया। विमान में 181 लोग सवार थे। घटना के बाद सुरक्षा कारणों से हवाई अड्डे का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया। यात्रियों को विमान से सुरक्षित बाहर निकाला गया और जांच शुरू की गई।
वहीं, कोपेनहेगन से वारसा पहुंची SAS की उड़ान को भी सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ा। स्पेन के मर्सिया में मैनचेस्टर से पहुंचे रयानएयर विमान की भी जांच की गई। इसके अलावा इस्राइल से बुल्गारिया पहुंचे विमान में बम की धमकी मिलने के बाद सोफिया हवाई अड्डे पर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
चारों विमानों में बम की धमकी मिलने के बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ते और आतंकवाद निरोधक इकाइयों को जांच में लगाया गया। शुरुआती जांच में किसी भी विमान में विस्फोटक की पुष्टि नहीं हुई। हालांकि, अधिकारियों ने सुरक्षा जांच पूरी होने तक सतर्कता बरती।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले लंदन से सोफिया जा रही विज एयर की उड़ान को भी बम की धमकी के कारण हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट की ओर मोड़ना पड़ा था। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने यूरोपीय विमानन सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।




