देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय स्तर पर एक और उपलब्धि हासिल की है। फेम इंडिया मैगजीन और एशिया पोस्ट की ओर से जारी ‘बेस्ट चीफ मिनिस्टर सर्वे 2026’ में मुख्यमंत्री धामी को देशभर के मुख्यमंत्रियों की रैंकिंग में दूसरा स्थान मिला है। उन्हें 1000 में से 881 अंक प्राप्त हुए हैं।
इस सर्वे में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 897 अंकों के साथ पहले स्थान पर रहे, जबकि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा 874 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
10 प्रमुख मानकों पर हुआ मूल्यांकन
सर्वे में देश के 15 मुख्यमंत्रियों को शामिल किया गया। मुख्यमंत्रियों का मूल्यांकन सुशासन, कानून-व्यवस्था, व्यक्तित्व, छवि, कार्यक्षमता, प्रभाव, विभागों की समझ, लोकप्रियता, दूरदर्शिता तथा कार्यशैली और परिणाम जैसे 10 प्रमुख मानकों पर किया गया।
आयोजकों के अनुसार, सर्वे की प्रक्रिया करीब तीन से चार महीने तक चली। इसमें सोशल मीडिया और पारंपरिक मीडिया में सामने आई प्रतिक्रियाओं, विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों की राय और आम नागरिकों से सीधे संवाद को शामिल किया गया।
विकास कार्यों और फैसलों की हुई चर्चा
मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन, बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को इस उपलब्धि से जोड़कर देखा जा रहा है। राज्य सरकार के प्रमुख फैसलों में समान नागरिक संहिता (यूसीसी), सख्त धर्मांतरण कानून और नकल विरोधी कानून भी शामिल हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने मुख्यमंत्री धामी को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उत्तराखंड की जनता के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने इसे राज्य सरकार की निर्णय क्षमता और प्रशासनिक कार्यशैली की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकार्यता बताया।
सर्वे में धामी का दूसरा स्थान हासिल करना उत्तराखंड की राजनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





