Top 5 This Week

Related Posts

तेज रफ्तार कार का कहर, बाइक सवार के ऊपर दो बार चढ़ा पहिया

ट्रांसपोर्ट नगर में रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा, सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना; सुपरवाइजर आईसीयू में भर्ती

हल्द्वानी। सड़क पर तेज रफ्तार का कहर किस कदर जानलेवा साबित हो सकता है, लालकुआं के ट्रांसपोर्ट नगर में हुए हादसे का सीसीटीवी फुटेज इसकी भयावह तस्वीर बयां कर रहा है। पहले बाइक को जोरदार टक्कर मारकर युवक को सड़क पर गिराया, फिर कार का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। हादसे में 38 वर्षीय बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। सिर में गंभीर चोट आने के कारण उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, रुद्रपुर की डीपीजी ट्रांसपोर्ट कंपनी में सुपरवाइजर राजीव कश्यप मोटरसाइकिल से वीआईपी गेट क्षेत्र से लालकुआं की ओर जा रहे थे। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित जैन ट्रांसपोर्ट के सामने पंतनगर की दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राजीव उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे।

सीसीटीवी में कैद हादसे की खौफनाक तस्वीर

हादसे के बाद कार चालक ने वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन घबराहट में कार दोबारा आगे बढ़ गई। इस दौरान कार का पहिया सड़क पर गिरे राजीव के ऊपर से गुजर गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज सामने आने के बाद हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। कार चालक मौके से फरार नहीं हुआ और स्थानीय लोगों की मदद से घायल राजीव को नजदीकी निजी क्लीनिक पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।

सिर में गंभीर चोट, आईसीयू में जिंदगी की जंग

राजीव के सिर में गंभीर चोट आई है और खून बहने के कारण चिकित्सक उनकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्हें आईसीयू में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

Popular Articles