Top 5 This Week

Related Posts

रेखा आर्या प्रकरण में गिरधारी की तलाश तेज, नेपाल पहुंचने का दावा; करीबी सतेंद्र राठौर से खुल सकते हैं कई राज

देहरादून। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या से जुड़े मामले में विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने जांच तेज कर दी है। मंत्री के पति गिरधारी लाल साहू की तलाश के साथ अब उनके करीबी सतेंद्र राठौर की खोज भी शुरू कर दी गई है। पुलिस को उम्मीद है कि सतेंद्र से पूछताछ होने पर गिरधारी के ठिकानों, संपर्कों और मामले से जुड़े कई अहम तथ्यों का पता चल सकता है।

जांच में सामने आया है कि गिरधारी लाल साहू बरेली से निकलकर उत्तर प्रदेश के बस्ती पहुंचे और फिर सनौली बॉर्डर के रास्ते नेपाल चले गए। एसआईटी उनकी तलाश में छह से अधिक संभावित ठिकानों पर दबिश दे चुकी है, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं मिला है। टीम अब उनके करीबियों और संपर्क में रहे लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। इसी सिलसिले में गिरधारी की एक करीबी युवती से भी पूछताछ की गई है।

15 अक्टूबर को दर्ज हुई थी प्राथमिकी

रेखा आर्या की शिकायत पर 15 अक्टूबर को देहरादून के कैंट थाने में गिरधारी लाल साहू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायत में मारपीट, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल, धोखाधड़ी और दस्तावेजों में कथित जालसाजी जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मंत्री ने एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर हत्या की साजिश रचे जाने का आरोप भी लगाया है। इस ऑडियो को एसआईटी ने फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है।

पांच लोगों के बयान दर्ज

एसपी ग्रामीण जया बलूनी के नेतृत्व में गठित एसआईटी अब तक पांच लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है। कुछ करीबियों को देहरादून बुलाकर पूछताछ भी की गई है। जांच टीम बरेली और अन्य स्थानों से जुटाए गए दस्तावेजों और बयानों का मिलान कर रही है।

पुलिस के अनुसार, सतेंद्र राठौर को गिरधारी का करीबी माना जाता है और उसे उनकी कंपनियों तथा संपत्तियों से जुड़ी जानकारी है। एसआईटी उससे पूछताछ कर मामले की कड़ियां जोड़ना चाहती है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है।

Popular Articles