हीरानगर के लगन गार्डन में उठेंगी शिक्षा, रोजगार और कानून में बदलाव की मांगें; ज्ञापन सौंपने की भी तैयारी
हल्द्वानी। यूजीसी के नए नियमों से लेकर जातिगत आरक्षण और एससी-एसटी एक्ट तक, कई संवेदनशील मुद्दों पर हल्द्वानी में गुरुवार को जनसंवाद होगा। हीरानगर स्थित लगन गार्डन में दोपहर 3:30 बजे होने वाली बैठक में इन नीतियों और कानूनों को समाप्त करने अथवा उनमें बदलाव की मांगों पर चर्चा कर आगामी रणनीति तय की जाएगी।
आयोजक प्रकाश हर्बोला के अनुसार, बैठक में यूजीसी के नए नियम वापस लेने, शिक्षा व सरकारी नौकरियों में जातिगत आरक्षण समाप्त करने और एससी-एसटी एक्ट को खत्म करने की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी। साथ ही आर्थिक एवं शैक्षणिक रूप से वंचित लोगों को सहायता, छात्रवृत्ति और युवाओं को समान अवसर देने जैसे विकल्पों पर भी विचार होगा।
लक्ष्मण सिंह लमगड़िया ने कहा कि कानून के तहत वास्तविक पीड़ितों को न्याय और निर्दोष लोगों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित होनी चाहिए। आयोजकों का कहना है कि बैठक में सामाजिक सद्भाव बनाए रखते हुए संवैधानिक दायरे में चर्चा की जाएगी।
ज्ञापन के जरिए सरकार तक पहुंचेगी बात
बैठक में सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, युवाओं और प्रबुद्ध नागरिकों को आमंत्रित किया गया है। चर्चा से निकले सुझावों को संकलित कर सक्षम सरकारी स्तर तक ज्ञापन अथवा अन्य शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक माध्यमों से पहुंचाने पर विचार किया जाएगा।





