Top 5 This Week

Related Posts

स्टारलिंक की स्पीड घटने से यूक्रेन के ड्रोन अभियान प्रभावित, जेलेंस्की बोले- यह बड़ी गलती

कीव। रूस के साथ जारी युद्ध के बीच यूक्रेन की सैन्य क्षमताओं को झटका लगा है। यूक्रेनी अधिकारियों ने आरोप लगाया है कि एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स की सैन्य उपग्रह संचार सेवा स्टारशील्ड पर गति संबंधी पाबंदियां लगाए जाने से ड्रोन अभियानों में बाधा आई है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इस फैसले को बड़ी गलती बताते हुए चेतावनी दी कि इससे लोगों की जान जा सकती है।

यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, सैन्य संचार टर्मिनलों की गति सीमा लगभग 160 किलोमीटर प्रति घंटा किए जाने से तेज गति से उड़ने वाले कुछ ड्रोन का संपर्क प्रभावित हुआ। इससे रूसी ठिकानों पर हमले करने और रूसी ड्रोन को रोकने के लिए चलाए जाने वाले अभियानों में परेशानी आई। यूक्रेन का दावा है कि इन पाबंदियों के बारे में सैन्य बलों को पहले से सूचना नहीं दी गई थी।

मस्क ने अमेरिकी सेना पर छोड़ी जिम्मेदारी

स्पेसएक्स के प्रमुख एलन मस्क ने पाबंदियों को लेकर कहा कि स्टारशील्ड की गति और इस्तेमाल से जुड़े प्रतिबंध अमेरिकी सेना तय करती है और अंतिम अधिकार अमेरिकी राष्ट्रपति के पास है। स्टारशील्ड, स्टारलिंक से जुड़ी सैन्य स्तर की संचार सेवा है, जिसका इस्तेमाल यूक्रेन युद्ध के दौरान सैन्य संचार और ड्रोन अभियानों में किया जाता है।

यूक्रेनी अधिकारियों ने इस मामले में स्पेसएक्स, अमेरिकी सरकार और नाटो से स्पष्टीकरण मांगा है। यूक्रेन का कहना है कि अचानक लगाए गए प्रतिबंधों से उसकी रक्षा तैयारियों पर असर पड़ा है।

अमेरिका और यूक्रेन के संबंधों में तनाव

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और जेलेंस्की के बीच संबंधों को लेकर तनाव बढ़ा हुआ है। यूक्रेन रूस के खिलाफ युद्ध में अमेरिकी सैन्य सहायता, खुफिया जानकारी और आधुनिक तकनीक पर काफी निर्भर है।

यूक्रेन की ओर से स्टारशील्ड पर लगी गति सीमा हटाने की मांग की गई है। अधिकारियों का कहना है कि सैन्य अभियानों में निर्बाध संचार बेहद जरूरी है, खासकर तब जब रूस की ओर से मिसाइल और ड्रोन हमले लगातार किए जा रहे हैं।

इस विवाद ने युद्ध के दौरान निजी कंपनियों की उपग्रह संचार सेवाओं पर यूक्रेन की निर्भरता और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सवालों को फिर चर्चा में ला दिया है।

Popular Articles