Top 5 This Week

Related Posts

हल्द्वानी में डेंगू की दस्तक, तीन मरीज मिलने से प्रशासन अलर्ट

छड़ायल, आजाद नगर और काठगोदाम में संक्रमण की पुष्टि, फॉगिंग और छिड़काव तेज करने के निर्देश

हल्द्वानी। बारिश थमी तो धूप और उमस के बीच डेंगू ने दस्तक दे दी। शहर में तीन लोगों के संक्रमित मिलने से स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम सतर्क हो गए हैं। छड़ायल, आजाद नगर-बनभूलपुरा और काठगोदाम में मरीज मिलने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में फॉगिंग, छिड़काव और सफाई अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।

सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और मेडिकल कॉलेज के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है। नगर निगम को प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी और फॉगिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग को भी संक्रमण की स्थिति पर नजर रखने को कहा गया है।

नगर आयुक्त परितोष वर्मा के मुताबिक, तीन मरीज मिलने के बाद संवेदनशील क्षेत्रों में फॉगिंग और छिड़काव बढ़ाया जाएगा। मच्छरों के लार्वा को नष्ट करने के लिए पानी जमा होने वाले स्थानों पर भी कार्रवाई होगी। लोगों को जागरूक करने के लिए नगर निगम कर्मचारियों के माध्यम से संदेश प्रसारित करने की तैयारी है।

प्रशासन की अपील है कि लोग घरों की छतों, गमलों, कूलरों और बर्तनों में पानी जमा न होने दें। बारिश के बाद जमा पानी हटाएं और आसपास सफाई रखें। अधिकारियों का कहना है कि अगले कुछ सप्ताह सतर्कता जरूरी है। लापरवाही मच्छरों को पनपने का मौका दे सकती है, इसलिए डेंगू से बचाव के लिए जनभागीदारी भी अहम है।

Popular Articles