Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड में बारिश से पांच डिग्री लुढ़का तापमान, आज भी आंधी-बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। कई क्षेत्रों में बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंड का एहसास बढ़ने लगा है। देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया। मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार, 16 अक्टूबर को प्रदेश के कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।

देहरादून और मसूरी में हुई बारिश

मौसम के बदले मिजाज का असर राजधानी देहरादून और मसूरी में भी देखने को मिला। देहरादून में बुधवार को अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, मसूरी में 8.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

पांच जिलों में तेज हवाओं की चेतावनी

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है।

इसके अलावा चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, चंपावत, ऊधम सिंह नगर, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार

प्रदेश के 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इससे पहाड़ी इलाकों में ठंड बढ़ सकती है। मौसम में बदलाव के चलते पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बारिश और बर्फबारी का असर आने वाले दिनों में भी बना रह सकता है। लोगों को मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Popular Articles