Top 5 This Week

Related Posts

हल्द्वानी में 14 वर्षीय किशोरी की मौत, मोबाइल को लेकर भाई ने डांटा था

हल्द्वानी। उत्तराखंड के नैनीताल जिले के लालकुआं क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी की मौत से परिवार में शोक छा गया। आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली किशोरी का शव मंगलवार देर रात घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजन उसे तत्काल हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय (एसटीएच) लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किशोरी सोशल मीडिया पर रील बनाती थी और देर तक मोबाइल फोन का इस्तेमाल करती थी। मंगलवार रात भी वह मोबाइल चलाने में व्यस्त थी। इस दौरान उसके बड़े भाई ने उसे मोबाइल को लेकर टोका और डांट दिया। कुछ समय बाद परिजनों ने उसे कमरे में अचेत अवस्था में पाया।

परिजन उसे अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सक उसे बचा नहीं सके। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

पुलिस के अनुसार, बुधवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। किशोरी तीन भाइयों की इकलौती बहन थी। उसकी असमय मौत से परिवार में मातम पसरा है।

एसपी सिटी हरबंस सिंह के अनुसार, शुरुआती जांच में मोबाइल फोन को लेकर भाई द्वारा डांटे जाने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Popular Articles