वाशिंगटन। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी OpenAI के सैन फ्रांसिस्को स्थित कार्यालय में गुप्त रिकॉर्डिंग डिवाइस लगाने के आरोप में 35 वर्षीय सऊदी नागरिक और कंपनी के इंजीनियर अब्दुलरहमान अलफोजान को गिरफ्तार किया गया है। अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, आरोपी पर कंपनी के एक प्रतिबंधित कॉन्फ्रेंस रूम में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के जरिए गोपनीय बातचीत रिकॉर्ड करने की कोशिश का आरोप है। मामले की जांच एफबीआई कर रही है।
टीवी के पीछे छिपाया गया था रिकॉर्डिंग डिवाइस
जांच के मुताबिक, 30 सितंबर को OpenAI की सुरक्षा टीम को कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारियों के कॉन्फ्रेंस रूम में संदिग्ध रिकॉर्डिंग डिवाइस मिला था। यह उपकरण टॉयलेट पेपर में लपेटकर टीवी के पीछे लगे USB पोर्ट में लगाया गया था। कंपनी ने जांच के दौरान पता लगाया कि इसे लगभग 28 सितंबर को लगाया गया था।
सुरक्षा कैमरों की फुटेज में अलफोजान को कई बार इस कॉन्फ्रेंस रूम के आसपास देखा गया। अधिकारियों के अनुसार, उसे वहां होने वाली बैठकों में शामिल होने की अनुमति नहीं थी। जांचकर्ताओं का मानना है कि इस कमरे में कंपनी की गोपनीय तकनीक, उत्पाद योजनाओं, व्यावसायिक रणनीतियों और भविष्य की परियोजनाओं से जुड़ी चर्चाएं होती थीं।
बैठकों और अधिकारियों की जानकारी जुटाने का आरोप
अमेरिकी न्याय विभाग की शिकायत के अनुसार, आरोपी ने कंपनी के कार्यालयों, मीटिंग रूम, बैठकों के कैलेंडर और वरिष्ठ अधिकारियों की लोकेशन से संबंधित जानकारी जुटाने के लिए एक प्रोडक्टिविटी टूल का इस्तेमाल किया था।
जांचकर्ताओं ने आरोपी की पत्नी से जुड़े एक चैटबॉट अकाउंट की गतिविधियों की भी जांच की। इसके दौरान गुप्त ऑडियो रिकॉर्डिंग, डिवाइस को दूर से संचालित करने और मेमोरी कार्ड के डेटा को एन्क्रिप्ट करने से संबंधित सवाल सामने आए।
अधिकारियों के मुताबिक, कंपनी की सुरक्षा टीम को आरोपी के एक बैग से दूसरा रिकॉर्डिंग डिवाइस भी मिला। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि पहले उपकरण के जरिए कोई गोपनीय बातचीत रिकॉर्ड हो पाई थी या नहीं।
OpenAI ने क्या कहा?
OpenAI ने बताया कि उसने संदिग्ध डिवाइस की जांच के लिए अपने AI मॉडल का इस्तेमाल किया और उसकी उत्पत्ति का पता लगाने में मदद मिली। इसके बाद कंपनी ने मामले की जानकारी एफबीआई को दी और संबंधित कर्मचारी को नौकरी से हटा दिया।
कंपनी के अनुसार, फिलहाल ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है कि आरोपी ने मॉडल वेट्स, सोर्स कोड या ग्राहकों का डेटा अनुचित तरीके से हासिल किया या चुराया हो।
पांच साल तक की जेल का प्रावधान
अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, आरोपी को 9 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था और 13 अक्टूबर को संघीय अदालत में पहली बार पेश किया गया। अगली सुनवाई 19 अक्टूबर को निर्धारित है। दोष सिद्ध होने पर उसे अधिकतम पांच साल की जेल और 2.5 लाख डॉलर तक के जुर्माने का सामना करना पड़ सकता है।
मामले में आरोप अभी न्यायिक प्रक्रिया के अधीन हैं और आरोपी को दोषी ठहराया जाना बाकी है।





