Top 5 This Week

Related Posts

बागेश्वर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, बाल विज्ञान महोत्सव का करेंगे शुभारंभ

बागेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को बागेश्वर पहुंचे। यहां वह विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मंडलसेरा में आयोजित दो दिवसीय पंचम सीमांत पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव-2026 का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे और कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा सहित सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। 

छह सीमांत जिलों के 240 बाल वैज्ञानिक लेंगे हिस्सा

उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) की ओर से आयोजित इस महोत्सव में प्रदेश के छह सीमांत जिलों रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चंपावत के 240 चयनित बाल वैज्ञानिक हिस्सा ले रहे हैं। विद्यार्थी अपने मार्गदर्शक शिक्षकों के साथ कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं।

महोत्सव का उद्देश्य सीमांत और दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों के बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना तथा उन्हें विज्ञान और तकनीक के प्रति प्रोत्साहित करना है।

विज्ञान मॉडल और क्विज प्रतियोगिताएं होंगी आयोजित

दो दिवसीय महोत्सव के दौरान जूनियर और सीनियर वर्ग में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी, विज्ञान नाटिका, विज्ञान क्विज और विज्ञान कविता जैसी गतिविधियां शामिल हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और वैज्ञानिक विषयों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

प्रशासन ने पूरी की तैयारियां

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी अपूर्वा पांडेय और पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा ने कार्यक्रम स्थल तथा हेलीपैड का निरीक्षण किया। अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात, पेयजल और अन्य व्यवस्थाएं सुचारु रखने के निर्देश दिए गए हैं।

कार्यक्रम में प्रदेश के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री प्रदीप बत्रा और यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत सहित अन्य गणमान्य लोगों के शामिल होने की संभावना है।

बाल विज्ञान महोत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान के व्यावहारिक उपयोग से परिचित कराने और पर्वतीय क्षेत्रों में वैज्ञानिक शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा।

Popular Articles