उत्तरकाशी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उत्तरकाशी के रामलीला मैदान में बुधवार को ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एक दिवसीय दौरे पर उत्तरकाशी पहुंचे। जोशियाड़ा हेलीपैड पर पहुंचने के बाद उन्होंने काशी विश्वनाथ और शक्ति मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने क्षेत्र के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण घोषणा की।
बनेगा विश्वनाथ-शक्ति कॉरिडोर
मुख्यमंत्री धामी ने उत्तरकाशी में विश्वनाथ-शक्ति कॉरिडोर बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कॉरिडोर के निर्माण से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और स्थानीय लोगों, विशेषकर महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि उत्तरकाशी में भी विकास की गति लगातार जारी रहेगी और क्षेत्र में आने वाले समय में विकास कार्यों को और गति दी जाएगी।
सेवा ज्योति यात्रा से जनभागीदारी का संदेश
कार्यक्रम के तहत ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जा रही है। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, रंगोली और देशभक्ति गीतों के माध्यम से सेवा, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण का संदेश आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
भाजपा के अनुसार, ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को जनता तक पहुंचाना तथा ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से लोगों को जोड़ना है।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन के बाद सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित की जाएगी और जनभागीदारी के साथ यात्रा को आगे बढ़ाया जाएगा।





