Top 5 This Week

Related Posts

फॉर्म 6 विवाद पर सियासी घमासान, भाजपा का कांग्रेस पर हमला; बोली- राहुल गांधी को फिर लॉन्च करने के लिए फैला रहे अराजकता

नई दिल्ली। मतदाता सूची और ‘फॉर्म 6’ को लेकर कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी दलों के प्रदर्शन के बीच भाजपा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस फॉर्म 6 को लेकर जनता को गुमराह कर रही है और संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव बनाने की कोशिश कर रही है। 

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने मंगलवार को कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने फॉर्म 6 को गैरकानूनी घोषित नहीं किया है। अदालत ने केवल फॉर्म में कथित बदलाव से जुड़े आरोपों की जांच करने की बात कही है। पात्रा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने अदालत की टिप्पणी को गलत तरीके से पेश कर जनता को भ्रमित किया है।

भाजपा ने यह भी कहा कि चुनाव आयोग के अनुसार बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के लिए फॉर्म 6 के साथ घोषणा-पत्र जोड़ा गया था। आयोग का दावा है कि फॉर्म 6 में स्वयं कोई बदलाव नहीं किया गया। चुनाव आयोग ने राहुल गांधी के दावे को भ्रामक बताते हुए कहा है कि बिहार SIR से संबंधित आदेश को आयोग की सर्वसम्मत मंजूरी मिली थी। 

वहीं, कांग्रेस और विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है। मंगलवार को इंडी गठबंधन के नेताओं ने चुनाव आयोग कार्यालय की ओर मार्च किया। पुलिस ने बैरिकेड लगाकर मार्च को रोका, जिसके बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत विपक्षी नेता धरने पर बैठ गए।

भाजपा ने कांग्रेस के आंदोलन को राजनीतिक रणनीति बताते हुए आरोप लगाया कि पार्टी बार-बार राहुल गांधी को राजनीतिक रूप से ‘लॉन्च और री-लॉन्च’ करने की कोशिश कर रही है। भाजपा का कहना है कि चुनावी राजनीति में सफलता नहीं मिलने के बाद कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाकर अराजकता का माहौल पैदा कर रही है। 

विवाद के बीच सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग से जवाब मांगा है। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया है कि वह अखबार की रिपोर्ट के आधार पर कोई अंतरिम आदेश नहीं दे सकती और पहले संबंधित पक्षों का पक्ष सुनना जरूरी है।

Popular Articles