नई दिल्ली। देश के तीन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में मंगलवार को पांच विधानसभा सीटों और एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है। पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर, तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम, पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट तथा असम की नागांव लोकसभा सीट पर मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। सभी सीटों पर मतगणना 9 अक्टूबर को होगी।
नंदीग्राम में भाजपा की प्रतिष्ठा दांव पर
पश्चिम बंगाल की हाईप्रोफाइल नंदीग्राम सीट पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के इस्तीफे के बाद उपचुनाव हो रहा है। भाजपा ने यहां हासिरानी रथ को मैदान में उतारा है। उनका मुकाबला कांग्रेस के मिलन प्रधान, तृणमूल के एक धड़े के मोहम्मद एतेशामुल हक और माकपा के शांतिगोपाल गिरि से है। ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल गुट की प्रत्याशी ने नामांकन वापस ले लिया था, जिसके बाद ममता बनर्जी ने कांग्रेस प्रत्याशी को समर्थन दिया है।
नंदीग्राम में करीब 2.67 लाख मतदाता हैं और 323 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सुरक्षा के लिए केंद्रीय बलों की 37 कंपनियां तैनात हैं।
रेजीनगर में बहुकोणीय मुकाबला
रेजीनगर सीट आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर के इस्तीफे के कारण खाली हुई थी। यहां भाजपा, तृणमूल कांग्रेस के दोनों गुट, कांग्रेस, माकपा और एजेयूपी के उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है। मतदान के दौरान हुमायूं कबीर को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने से राजनीतिक हलचल भी बढ़ गई।
तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी परीक्षा
तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम सीटों पर उपचुनाव मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के लिए पहली बड़ी राजनीतिक परीक्षा माना जा रहा है। दोनों सीटों पर उनकी पार्टी टीवीके के उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं, पुडुचेरी की थट्टनचावडी सीट का चुनाव मुख्यमंत्री एन. रंगासामी के नेतृत्व वाली नई एनडीए सरकार के लिए भी अहम माना जा रहा है।
नागांव लोकसभा सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला
असम की नागांव लोकसभा सीट पर कांग्रेस, भाजपा और एआईयूडीएफ के बीच मुकाबला है। यह सीट पूर्व कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। कांग्रेस ने सिबामनी बोरा, भाजपा ने देवाशीष शर्मा और एआईयूडीएफ ने बदरुद्दीन अजमल को मैदान में उतारा है।
इन उपचुनावों के नतीजे 9 अक्टूबर को सामने आएंगे और कई राज्यों में नई सरकारों के लिए शुरुआती राजनीतिक जनमत के तौर पर देखे जा रहे हैं।





