Top 5 This Week

Related Posts

असम के नागांव में तड़के कांपी धरती, 4.5 तीव्रता के भूकंप से सहमे लोग

गुवाहाटी। असम के नागांव जिले में मंगलवार तड़के भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.5 मापी गई। भूकंप सुबह 4 बजकर 23 मिनट 47 सेकंड पर आया और इसका केंद्र जमीन से करीब 33 किलोमीटर की गहराई में था।

NCS के मुताबिक, भूकंप का केंद्र नागांव में 26.428 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 93.060 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। भूकंप के झटके महसूस होते ही कई इलाकों में लोग सहम गए। हालांकि, शुरुआती जानकारी के अनुसार अभी तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

NCS की रिपोर्ट में इस भूकंप को ‘रिव्यूड’ यानी समीक्षा के बाद दर्ज घटना बताया गया है। भूकंप का केंद्र तेजपुर से करीब 36 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में बताया गया है।

हिमाचल के ऊना में भी आया था भूकंप

इससे पहले हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में रविवार देर रात 2.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। NCS के अनुसार, यह झटका रात 11 बजकर 48 मिनट के आसपास आया था और इसका केंद्र जमीन से करीब नौ किलोमीटर की गहराई में था। इस घटना में भी किसी नुकसान की सूचना नहीं मिली थी।

असम और पूर्वोत्तर भारत भूकंपीय गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र माने जाते हैं। नागांव में आए ताजा भूकंप के बाद फिलहाल प्रशासन और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Popular Articles