Top 5 This Week

Related Posts

रुड़की में अग्निवीर भर्ती रैली शुरू, यूपी-उत्तराखंड के युवाओं को मिलेगा सेना में जाने का मौका

रुद्रप्रयाग। भारतीय सेना में अग्निवीर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए भर्ती रैली सोमवार से रुड़की में शुरू हो गई। 5 से 23 अक्टूबर तक बंगाल इंजीनियर ग्रुप एंड सेंटर (बीईजी एंड सेंटर), रुड़की में आयोजित होने वाली इस रैली में उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन (सीईई) उत्तीर्ण अभ्यर्थी शामिल होंगे।

भर्ती रैली का आयोजन जोनल भर्ती कार्यालय (यूपी एवं यूके) के तहत सेना भर्ती कार्यालय, लैंसडौन की ओर से किया जा रहा है। इसमें अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी, जनरल ड्यूटी (जीडी), टेक्निकल और ट्रेड्समैन पदों के लिए चयन प्रक्रिया होगी। ट्रेड्समैन के लिए 8वीं और 10वीं पास अभ्यर्थियों को भी मौका दिया गया है।

सीईई पास युवाओं को ही प्रवेश

भर्ती प्रक्रिया में वही अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे, जिन्होंने 1 से 12 जून 2026 के बीच आयोजित ऑनलाइन सीईई परीक्षा उत्तीर्ण की है। अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी की भर्ती प्रक्रिया 5 से 12 अक्टूबर तक चलेगी। इसमें उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न जिलों के पात्र अभ्यर्थी शामिल होंगे।

इसके बाद अग्निवीर जीडी, टेक्निकल और ट्रेड्समैन के लिए जिलावार भर्ती प्रक्रिया होगी। गढ़वाल क्षेत्र के चमोली, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी जिलों के पात्र अभ्यर्थी इसमें हिस्सा लेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 13 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक अलग-अलग जिलों और श्रेणियों के अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से अपने एडमिट कार्ड में दी गई तारीख और समय के अनुसार ही भर्ती स्थल पर पहुंचने की अपील की है।

मूल दस्तावेज साथ लाना जरूरी

सेना भर्ती अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे भर्ती रैली की अधिसूचना में बताए गए सभी मूल दस्तावेज अपने साथ लेकर आएं। दस्तावेजों की जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को आगे की चयन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।

सेना में अग्निवीर के रूप में भर्ती होने के इच्छुक युवाओं के लिए यह रैली महत्वपूर्ण अवसर है।

Popular Articles