Top 5 This Week

Related Posts

‘हनुमान अंश’ की टीम ने कैंची धाम में टेका मत्था, बाबा नीब करौरी के दर्शन कर लिया आशीर्वाद

नैनीताल। बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता से उत्साहित फिल्म की टीम सोमवार सुबह नैनीताल स्थित प्रसिद्ध कैंची धाम पहुंची। टीम ने बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन किए और मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।

फिल्म के मुख्य अभिनेता शोभिनव सत्या अपनी टीम के साथ सुबह करीब सात बजे कैंची धाम पहुंचे। उन्होंने मंदिर में आयोजित आरती में हिस्सा लिया और पूजा-अर्चना की। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने फिल्म की टीम का स्वागत किया और उन्हें बाबा के दर्शन कराए।

उत्तराखंड की संस्कृति की सराहना

शोभिनव सत्या ने कहा कि रविवार को खटीमा में आयोजित उत्तराखंड आदि रंगोत्सव में शामिल होकर उन्हें प्रदेश की संस्कृति के विभिन्न रंगों को करीब से देखने का अवसर मिला। उन्होंने जनजातीय नृत्य, पारंपरिक वाद्य यंत्र और नगाड़े पहली बार देखे और इसे शानदार अनुभव बताया।

उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भी आभार जताया। सत्या ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उन्हें कार्यक्रम में बुलाया, सम्मानित किया और उनके साथ नृत्य भी किया। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री ने फिल्म को टैक्स फ्री किया, क्योंकि यह भारतीय संस्कृति से जुड़ी फिल्म है। उनके अनुसार, संस्कृति को बढ़ावा मिलने से विकास को भी गति मिलती है।

लोगों से उत्तराखंड आने की अपील

शोभिनव सत्या ने उत्तराखंड को देवभूमि बताते हुए कहा कि यहां केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के साथ कैंची धाम जैसे पवित्र स्थल हैं। उन्होंने यहां के प्राकृतिक वातावरण और व्यवस्थाओं की भी सराहना की।

उन्होंने लोगों से देवभूमि उत्तराखंड आने की अपील की और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों की प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने ‘हनुमान अंश’ को मिल रहे समर्थन के लिए दर्शकों का आभार जताया।

Popular Articles