Top 5 This Week

Related Posts

फोर्ट कोच्चि का ऐतिहासिक कोडर हाउस आग में तबाह, यहूदी विरासत से जुड़ी थी पहचान

कोच्चि। केरल के फोर्ट कोच्चि स्थित ऐतिहासिक कोडर हाउस में मंगलवार शाम भीषण आग लग गई। टावर रोड पर स्थित तीन मंजिला इस विरासत भवन की ऊपरी मंजिल से आग शुरू हुई और देखते ही देखते इमारत के बड़े हिस्से में फैल गई। आग पर करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया जा सका। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

आग लगने की सूचना शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच मिली। होटल के कर्मचारियों ने आग का पता चलते ही वहां मौजूद लोगों को बाहर निकाला। दमकल की कई गाड़ियों के साथ भारतीय नौसेना की दमकल इकाइयों ने भी राहत और बचाव अभियान में हिस्सा लिया। तेज हवाओं और इमारत में लकड़ी के व्यापक इस्तेमाल के कारण आग बुझाने में काफी मुश्किल आई।

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई गई है, हालांकि अधिकारियों ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। आग से इमारत की लकड़ी की छत, सीढ़ियों और अंदरूनी हिस्सों को भारी नुकसान पहुंचा है। नुकसान का वास्तविक आकलन विस्तृत निरीक्षण के बाद किया जाएगा।

यहूदी विरासत से जुड़ा था कोडर हाउस

कोडर हाउस का इतिहास कोच्चि के प्रमुख यहूदी परिवार कोडर परिवार से जुड़ा रहा है। वर्तमान भवन का निर्माण वर्ष 1808 में हुआ था और इसे विशिष्ट इंडो-यूरोपीय वास्तुकला के लिए जाना जाता था। बाद में इसे हेरिटेज बुटीक होटल के रूप में संचालित किया गया। भवन में कई विदेशी मेहमानों और प्रमुख हस्तियों की मेजबानी भी हुई थी।

आग की घटना के बाद फोर्ट कोच्चि की ऐतिहासिक इमारतों के संरक्षण को लेकर एक बार फिर चिंता सामने आई है। स्थानीय इतिहासकारों और विरासत विशेषज्ञों ने ऐसे पुराने भवनों के संरक्षण की जरूरत पर जोर दिया है।

Popular Articles