Top 5 This Week

Related Posts

SIR विवाद में CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग तेज, कांग्रेस ने विपक्षी दलों के साथ रणनीति बनाने की तैयारी की

नई दिल्ली। मतदाता सूची के विशेष सघन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर जारी विवाद के बीच कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग तेज कर दी है। पार्टी ने इस मुद्दे पर विपक्षी दलों को साथ लेकर आगे की रणनीति तैयार करने का फैसला किया है। कांग्रेस कार्यसमिति की विशेष बैठक भी बुलाई गई है।

कांग्रेस का यह रुख चुनाव आयोग के भीतर SIR से जुड़े फैसलों को लेकर कथित मतभेद की खबरों के बाद सामने आया है। मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया था कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने कुछ फैसलों पर आपत्तियां दर्ज कराई थीं। हालांकि, चुनाव आयोग ने कहा है कि SIR समेत हाल की पहलों से जुड़े फैसले सर्वसम्मति से लिए गए हैं।

विपक्षी दलों के साथ बैठक की तैयारी

कांग्रेस अब इस मुद्दे पर विपक्षी दलों को एकजुट करने की कोशिश कर रही है। तृणमूल कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के नेताओं ने भी CEC के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है। कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में SIR प्रक्रिया और चुनाव आयोग से जुड़े विवाद पर आगे की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।

इससे पहले कांग्रेस और विपक्षी दलों ने CEC के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने की योजना भी सामने रखी थी। कांग्रेस ने विपक्षी दलों से इस संबंध में समर्थन मांगा है।

चुनाव आयोग ने दी सफाई

SIR को लेकर उठे सवालों के बीच चुनाव आयोग ने कहा है कि तीनों चुनाव आयुक्तों ने मिलकर फैसले लिए हैं। आयोग के अनुसार, विचारों में मतभिन्नता होना सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन अंतिम निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए। विपक्ष इन दावों पर सवाल उठा रहा है और पूरे मामले में अधिक स्पष्टता की मांग कर रहा है।

इस विवाद के बीच कांग्रेस ने SIR प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं। आने वाले दिनों में विपक्षी दलों की बैठक और संसद में प्रस्तावित कार्रवाई से इस मुद्दे पर राजनीतिक बहस और तेज होने की संभावना है।

Popular Articles