Top 5 This Week

Related Posts

कोलकाता में पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन के 15 ठिकानों पर ED की छापेमारी, दुर्गा पूजा प्रिव्यू शो पास मामले में जांच तेज

कोलकाता। दुर्गा पूजा प्रिव्यू शो के नाम पर कथित वित्तीय अनियमितता और फर्जीवाड़े के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार तड़के कोलकाता में बड़ी कार्रवाई की। जांच एजेंसी ने पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन और उनसे जुड़े लोगों के करीब 15 ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया। कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) की धारा 17 के तहत की जा रही है।

ईडी की टीमें कसबा स्थित पूर्व मंत्री के आवास के अलावा हिंदुस्तान पार्क और हाइलैंड पार्क समेत कई स्थानों पर दस्तावेज और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाल रही हैं। यह जांच ‘मास आर्ट’ संस्था द्वारा आयोजित दुर्गा पूजा प्रिव्यू शो से संबंधित बताई जा रही है।

यूनेस्को के नाम पर पास बेचने का आरोप

जांच एजेंसी के अनुसार, वर्ष 2021 में कोलकाता की दुर्गा पूजा को यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल किए जाने के बाद ‘मास आर्ट’ संस्था का गठन किया गया था। आरोप है कि संस्था ने यूनेस्को के नाम और लोगो का कथित तौर पर बिना अनुमति इस्तेमाल किया और खुद को उससे जुड़ा हुआ बताया।

इसके बाद शहर के 24 प्रमुख पूजा पंडालों को प्रिव्यू शो के लिए चयनित बताकर 1,749 रुपये से 5,499 रुपये तक के पास बेचे गए। वर्ष 2022 से 2024 के बीच करीब 1.14 लाख लोगों के पंजीकरण का दावा किया गया है। जांच में 50 से 60 करोड़ रुपये तक की राशि जुटाए जाने की आशंका जताई गई है।

खातों और लेनदेन की जांच

मामले में जून में बाहूबाजार थाने में पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन, उनकी पत्नी मधुछंदा सेन और ‘मास आर्ट’ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी। अब ईडी यह पता लगाने में जुटी है कि प्रिव्यू शो के नाम पर एकत्र धन किन खातों में पहुंचा और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे। मामले में जांच जारी है।

Popular Articles