रामनगर। लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के कारण रामनगर क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित हुआ है। भारी बारिश के चलते कोसी नदी का जलस्तर बढ़ गया, वहीं जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क के पर्यटक क्षेत्रों में भी सुरक्षा कारणों से सफारी रोकनी पड़ी। रविवार को ढेला, झिरना और गिरिजा पर्यटन जोन में सुबह और शाम दोनों पालियों की जिप्सी सफारी बंद रही।
मानसून के कारण कॉर्बेट पार्क के ढिकाला, बिजरानी और दुर्गादेवी पर्यटन जोन पहले से ही बंद हैं। ऐसे में वर्तमान में पर्यटकों के लिए मुख्य रूप से ढेला, झिरना और गिरिजा जोन खुले हुए हैं। शनिवार शाम को भी बारिश के कारण सफारी नहीं हो सकी थी। लगातार बारिश को देखते हुए रविवार को भी तीनों जोन बंद रखने का निर्णय लिया गया।
नदी-नालों में बढ़ा पानी
बारिश के कारण जंगल के भीतर सफारी मार्ग में पड़ने वाले नदी-नालों में पानी का बहाव तेज हो गया है। कच्चे रास्तों पर भी पानी भरने और मार्ग प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में वन विभाग ने पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सफारी संचालन रोक दिया।
पर्यटकों को नहीं मिलेगा बुकिंग का पैसा
बारिश के कारण सफारी निरस्त होने से पर्यटकों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा। जानकारी के अनुसार मौसम खराब होने के कारण सफारी रद होने पर बुकिंग की राशि वापस नहीं की जाती। अधिकतम छह पर्यटकों के लिए एक सफारी का खर्च करीब 7,400 रुपये तक होता है। इसमें लगभग 3,400 रुपये परमिट शुल्क, करीब 1,000 रुपये गाइड शुल्क और लगभग 3,000 रुपये जिप्सी का खर्च शामिल है।
पार्क प्रशासन मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। बारिश और मार्गों की स्थिति सामान्य होने के बाद ही पर्यटकों के लिए सफारी दोबारा शुरू की जाएगी।





