Top 5 This Week

Related Posts

देहरादून में H1N1 के सात नए मामले, 58 सैंपल में हुई पुष्टि; कुल संक्रमित 648

देहरादून। मौसम में बदलाव के बीच देहरादून जिले में इन्फ्लुएंजा H1N1 (स्वाइन फ्लू) के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। रविवार को स्वास्थ्य विभाग ने 58 सैंपल की जांच की, जिनमें सात लोगों में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके साथ ही जिले में अब तक संक्रमित मिले लोगों की संख्या बढ़कर 648 हो गई है।

स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, जिले में अब तक H1N1 की जांच के लिए 2,169 सैंपल लिए जा चुके हैं। इनमें 648 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कुल संक्रमितों में से 606 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 40 सक्रिय मरीज उपचाराधीन हैं। संक्रमण से दो मौतें भी दर्ज हैं, जिनका डेथ ऑडिट किया गया है। संक्रमितों में 346 पुरुष और 302 महिलाएं शामिल हैं।

कोविड का नया मामला नहीं

रविवार को कोविड-19 की जांच में कोई नया संक्रमित नहीं मिला। जिले में अब तक 1,095 सैंपल की जांच की जा चुकी है, जिनमें 57 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। इनमें 56 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।

डेंगू के दो नए मरीज

इधर, देहरादून में डेंगू के भी दो नए मामले सामने आए हैं। रविवार को 167 सैंपल की जांच में दो मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई। इसके साथ ही जिले में डेंगू संक्रमितों की कुल संख्या 222 पहुंच गई है। इनमें 109 मरीज देहरादून और 113 अन्य जिलों के हैं। अब तक 203 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 19 मरीज अस्पतालों में उपचार करा रहे हैं।

घर-घर सर्वे और लार्वा जांच जारी

डेंगू-मलेरिया की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग का घर-घर सर्वे अभियान भी जारी है। रविवार को आशा कार्यकर्ताओं और वालंटियरों ने 6,593 घरों का सर्वे किया तथा 47,274 कंटेनरों की जांच की। इस दौरान 80 घरों और 98 कंटेनरों में मच्छर का लार्वा मिला।

स्वास्थ्य विभाग मौसम में बदलाव को देखते हुए मौसमी संक्रमण और मच्छरजनित बीमारियों की निगरानी लगातार कर रहा है।

Popular Articles