Top 5 This Week

Related Posts

अस्पताल के बाहर बाइक पर हाथ साफ, सीसीटीवी में कैद हुआ चोर!

मुखानी में चोरों के हौसले बुलंद, पुलिस के अपराधमुक्त शहर के दावों के बीच वारदात; मुकदमा दर्ज, तलाश शुरू

हल्द्वानी। शहर में चोरों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अस्पताल के मुख्य गेट के बाहर खड़ी बाइक पर ही चोर ने हाथ साफ कर दिया। पूरी वारदात अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, लेकिन इसके बावजूद चोर पुलिस की पकड़ से बाहर है। उधर, पुलिस लगातार शहर को अपराधमुक्त रखने के दावे करती रही है, जबकि जमीनी तस्वीर में चोरी की घटनाएं पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई हैं।

मामला मुखानी थाना क्षेत्र के एक अस्पताल का है। ग्राम झूतिया, रामगढ़ निवासी शुभम साह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पत्नी जयश्री तिवारी अस्पताल में कार्यरत हैं। 17 सितंबर को उन्होंने बाइक संख्या यूके-04-एएन-4851 अस्पताल के मेन गेट के बाहर खड़ी की थी। रात में मौका पाकर अज्ञात चोर बाइक लेकर फरार हो गया।

कैमरे में कैद हुई पूरी करतूत

बाइक चोरी की पूरी घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस के सामने अब चोर तक पहुंचने और बाइक बरामद करने की चुनौती है। पीड़ित के मुताबिक वाहन उनकी पत्नी ममता साह के नाम पर पंजीकृत है।

तहरीर मिलने के बाद मुखानी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और चोरी गई बाइक की तलाश में जुटी है।

दावे अपराधमुक्त शहर के, चोरों के हौसले फिर भी बुलंद!

अस्पताल जैसे सार्वजनिक स्थान के बाहर से बाइक चोरी होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह है कि सीसीटीवी में कैद हुई वारदात पुलिस को चोर तक पहुंचाती है या चोरी की यह बाइक भी शहर में लगातार सामने आ रही वारदातों की फेहरिस्त में जुड़कर रह जाती है।

Popular Articles